भिलाई। 06 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : लीनेस क्लब भिलाई द्वारा मंगलवार को राम शिला वृद्धाश्रम में सेवा और स्नेह से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धजनों के लिए मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें वृद्धाश्रम के सभी बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। माता रानी के भजन से शुरू हुए इस भक्ति कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम और बजरंगबली के भजनों की मधुर प्रस्तुति दी गई। भजनों पर सभी वृद्धजन तालियां बजाते हुए आनंदित नजर आए और पूरा आश्रम भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।
भजन-कीर्तन के बाद क्लब की सदस्यों ने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत की और उनकी दिनचर्या तथा स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके पश्चात वृद्धजनों से केक कटवाकर उनका मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर सभी के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम के अंत में सभी वृद्धजनों को स्नेहपूर्वक मध्यान्ह भोजन परोसा गया। सभी ने प्रेम और अपनत्व के साथ भोजन ग्रहण किया तथा लीनेस क्लब भिलाई की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।।इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी, अमिता सारस्वत, लता गायकवाड़, राजश्री जैन एवं अरुणा लिंगाला सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।




