भिलाई। 22 जून, 2026, (सीजी संदेश) : अंतर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस के अवसर पर लीनेस क्लब भिलाई द्वारा स्टील कॉलोनी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योगाभ्यास का संचालन पतंजलि योगपीठ के संस्थापक योगगुरु बाबा रामदेव के शिष्यों एवं प्रशिक्षित योग शिक्षकों के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों ने भी योग सत्र में सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह का परिचय मिला।
वक्ताओं ने कहा कि योग आज जन-जन के जीवन का अभिन्न अंग बनता जा रहा है। नियमित योगाभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं में लाभ मिल रहा है तथा लोग स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हो रहे हैं। वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर संचालित निःशुल्क योग केंद्रों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग योग शिक्षा प्राप्त कर इसका लाभ उठा रहे हैं। योग सत्र के उपरांत योग शिक्षकों का श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से “योग करें, निरोग रहें” का नारा लगाकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्टील कॉलोनी के पार्षद, पूर्व पार्षद तथा लीनेस क्लब के सदस्यगण उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से भाव सिंघा, करुणा बंसल, अर्चना मिश्रा, क्लब अध्यक्ष कल्पना श्रीवास्तव, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष डॉ. मंजू तिवारी, पुष्पा सिंह, लता गायकवाड़, स्नेहा शर्मा, सुषमा रंधावा सहित अनेक सदस्य एवं नागरिक उपस्थित थे।




