दुर्ग। 17 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराध एवं म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा थाना सुपेला, पदमनाभपुर, मोहन नगर एवं ACCU की संयुक्त कार्रवाई में 06 खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों एवं उनसे संबंधित दस्तावेजों को अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराया था। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन एवं हस्तांतरण में किया जा रहा था।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्ग पुलिस द्वारा प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना सुपेला, पदमनाभपुर एवं मोहन नगर क्षेत्र के कुल 06 बैंक खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा कमीशन/आर्थिक लाभ के लालच में अपने बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं उनसे संबंधित मोबाइल सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए थे। इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने एवं प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि खाताधारकों द्वारा अपने बैंक खाते एवं उनसे संबंधित दस्तावेज 5,000 रुपये से 15,000 रुपये तक के कमीशन/प्रतिफल के बदले उपलब्ध कराए गए थे। संबंधित खातों में साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी लाखों रुपये से अधिक की राशि का ट्रांजेक्शन होना पाया गया। प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर दिनांक 17 नवंबर को थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1322/2026, थाना पदमनाभपुर के अपराध क्रमांक 566/2026 तथा थाना मोहन नगर के अपराध क्रमांक 639/2026 में कुल 06 खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ एवं कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते तथा उनसे संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बाद इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों में जमा करने, स्थानांतरित करने एवं लेन-देन के माध्यम से छिपाने के लिए किया जाता था। इस प्रकार बैंक खाताधारक कमीशन प्राप्त करते थे और साइबर अपराधियों को ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंकिंग माध्यम उपलब्ध कराते थे।
घटना स्थल
1. थाना सुपेला क्षेत्र, जिला दुर्ग।
2. थाना पदमनाभपुर क्षेत्र, जिला दुर्ग।
3. थाना मोहन नगर क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम
थाना सुपेला – 03 खाताधारक
1. आशिष कुमार साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी 8/14 इस्पात नगर, रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
2. नीतेश मसीह, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदुमनगर सामुदायिक क्वार्टर के पास, चरोदा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
3. धरम राज तिवारी, उम्र 51 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन, सड़क नंबर 14, इकबाल सिंह के किराये का मकान, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
थाना पदमनाभपुर – 02 खाताधारक
4. अमित मिश्रा, उम्र 32 वर्ष, निवासी रावतभाठा चौक, मिश्रा मेडिकल, जवाहर नगर, मकान नंबर 254, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
5. गिरजा सिन्हा, उम्र 23 वर्ष, निवासी शक्ति नगर, वार्ड नंबर 17, अन्ना दुकान के पीछे, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
थाना मोहन नगर – 01 खाताधारक
6. रविन्द्र कुमार दिवान, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कादुल, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद।
जप्त सामग्री
1. बैंक पासबुक।
2. एटीएम कार्ड।
3. चेकबुक।
4. मोबाइल सिम कार्ड।
5. मोबाइल फोन एवं अन्य संबंधित दस्तावेज।
पंजीबद्ध अपराधों का विवरण
1. थाना सुपेला – अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1322/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस।
2. थाना पदमनाभपुर – अपराध क्रमांक 566/2026, धारा 317(2), 319(2), 61 बीएनएस।
3. थाना मोहन नगर – अपराध क्रमांक 639/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में थाना सुपेला, थाना पदमनाभपुर, थाना मोहन नगर एवं एसीसीयू की पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, बैंक खातों के लेन-देन की जांच एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन अथवा आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन अथवा सिम कार्ड उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। आपके बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। यदि आपके बैंक खाते अथवा बैंकिंग दस्तावेजों का किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है, तो तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना दें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा www.cybercrime.gov.in पर भी रिपोर्ट करें।


