बारिश का मौसम आते ही चारों ओर हरियाली दिखाई देने लगती है। आसमान से गिरती पानी की बूंदें धरती को जीवन देती हैं, लेकिन विडंबना यह है कि यही अमूल्य पानी अक्सर हमारे घरों, सड़कों और छतों से बहकर नालियों में चला जाता है। हम बारिश का इंतजार तो करते हैं, लेकिन क्या हमने कभी यह सोचा है कि इस पानी को बचाकर आने वाले महीनों के लिए कैसे सुरक्षित रखा जाए? पानी केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की जिंदगी का आधार है। बारिश की हर बूंद प्रकृति की ओर से मिला एक अवसर है, उसे बह जाने देने का नहीं, बल्कि सहेजने का। आखिर बारिश का इतना पानी हमारे सामने आता है, तो उसमें से कितना हम बचा सकते हैं और अपने घर, समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए पानी का संकट कम करने में क्या भूमिका निभा सकते हैं? आइए, इसी सवाल का जवाब तलाशते हैं और समझते हैं कि बारिश का पानी सिर्फ बह क्यों जाए?
बारिश हमारे लिए सिर्फ मौसम बदलने का संकेत नहीं है। यह प्रकृति की ओर से मिला हुआ पानी का सबसे बड़ा अवसर है। लेकिन शहरों में अक्सर होता यह है कि बारिश की बूंदें छतों से गिरती हैं, सड़कों पर बहती हैं, नालियों में जाती हैं और कुछ ही समय बाद हमारे क्षेत्र से बाहर निकल जाती हैं। फिर कुछ महीनों बाद जब गर्मी आती है तो वही समाज पानी की कमी, गिरते भूजल स्तर और सूखते जलस्रोतों की चिंता करने लगता है।
सवाल यह है, जिस पानी की हमें गर्मी में जरूरत पड़ती है, उसे बारिश के मौसम में बचाने की कोशिश हम क्यों नहीं करते?
आंकड़े जो हमें चेतावनी दे रहे हैं।
पृथ्वी पर पानी की कमी दिखाई नहीं देती, क्योंकि चारों ओर पानी ही पानी नजर आता है। लेकिन सच्चाई यह है कि पृथ्वी के कुल पानी का लगभग 97.5% खारा है और केवल करीब 2.5% ही मीठा पानी है। इसमें से भी बहुत छोटा 1% हिस्सा ही नदियों, झीलों और भूजल के रूप में हमारे प्रत्यक्ष उपयोग के लिए उपलब्ध है।
दूसरी ओर, दुनिया की आबादी, खेती, उद्योग और जीवन की जरूरतों के साथ पानी की मांग लगातार बढ़ रही है। अनुमान है कि 2030 तक वैश्विक स्तर पर पानी की मांग उपलब्ध आपूर्ति से लगभग 40% अधिक हो सकती है। यानी संकट यह नहीं है कि पृथ्वी पर पानी नहीं है, संकट यह है कि हमारे उपयोग योग्य पानी की मात्रा सीमित है और हम उसे लगातार खर्च कर रहे हैं। ऐसे में बारिश की हर बूंद की कीमत समझना जरूरी है। जो पानी आज हमारी छतों और आंगनों से बहकर नालियों में चला जाता है, वही पानी अगर जमीन में उतारा जाए या सुरक्षित रखा जाए तो आने वाले दिनों में हमारे लिए जीवन का सहारा बन सकता है।
जल संकट अचानक हमारे दरवाजे पर दस्तक नहीं देगा। उसके संकेत आज हमारे सामने हैं। सवाल सिर्फ इतना है कि हम उन संकेतों को कब समझेंगे।
बारिश का पानी समस्या नहीं, संसाधन है।
बारिश का पानी यदि बिना योजना के तेज बहाव के साथ निकल जाए तो जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। लेकिन इसी पानी को सही तरीके से संग्रहित या जमीन में उतारा जाए तो यह भविष्य के लिए उपयोगी संसाधन बन सकता है। केंद्रीय भूजल बोर्ड के अनुसार वर्षाजल संचयन का एक प्रमुख उद्देश्य बारिश के पानी को सतह पर संग्रहित करना या उसे भूजल में पुनर्भरण के लिए जमीन के भीतर पहुंचाना है। इससे भूजल स्तर में गिरावट को रोकने और पानी की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
यानी बारिश का पानी केवल “आज की बारिश” नहीं है। सही व्यवस्था हो तो यही पानी कल का भूजल बन सकता है।
हमारी छत भी पानी का संग्रह केंद्र बन सकती है।
बारिश के मौसम में हम अपने घर की छत से गिरने वाले पानी पर शायद ही कभी ध्यान देते हैं। जबकि छत का पानी पाइप के माध्यम से एक उपयुक्त फिल्टर और फिर रिचार्ज पिट, रिचार्ज ट्रेंच या अन्य वैज्ञानिक रूप से उपयुक्त संरचना तक पहुंचाया जा सकता है। केंद्रीय भूजल बोर्ड शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग के लिए रिचार्ज पिट, रिचार्ज ट्रेंच, रिचार्ज वेल जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करता है। लेकिन ऐसी संरचना स्थानीय मिट्टी, भूगर्भीय स्थिति और पानी की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर तकनीकी सलाह के अनुसार बनाना जरूरी है। इसलिए केवल गड्ढा खोद देना ही वर्षाजल संचयन नहीं है। सही जगह, सही डिजाइन और उचित रखरखाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
हर घर कुछ कर सकता है।
हर परिवार के पास बड़ा भूखंड या महंगी व्यवस्था हो, यह जरूरी नहीं है। लेकिन हर परिवार अपने स्तर पर शुरुआत कर सकता है।
* छत से बारिश के पानी के बहाव को समझें।
* जहां संभव हो, वर्षाजल संचयन की व्यवस्था कराएं।
* घर या भवन में पहले से बनी रेनवाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था की सफाई और जांच कराएं।
* पानी को सीधे गंदे नाले या प्रदूषित स्थान से जोड़ने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से रिचार्ज की व्यवस्था करें।
* मकान बनाते समय केवल सुंदरता नहीं, जल-सुरक्षा को भी डिजाइन का हिस्सा बनाएं।
याद रखिए, जल संरक्षण केवल पानी कम खर्च करने का नाम नहीं है; उपलब्ध पानी को बचाकर भविष्य के लिए सुरक्षित करना भी जल संरक्षण है।
स्कूल बच्चों को सिर्फ पानी बचाने की बात न बताए, पानी बचाकर दिखाए
यह विषय बच्चों के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। स्कूलों में बच्चों को एक छोटा-सा प्रोजेक्ट दिया जा सकता है:—
# “हमारे स्कूल में एक बारिश में कितना पानी गिरता है और उसमें से कितना पानी हम बचा सकते हैं?”
# बच्चे स्कूल की छत का क्षेत्रफल, बारिश की मात्रा और पानी के संभावित संग्रह का अनुमान लगाकर गणित, विज्ञान और पर्यावरण, तीनों को एक साथ समझ सकते हैं।
# इससे पानी बचाना केवल किताब का अध्याय नहीं रहेगा, बल्कि बच्चे स्वयं समस्या को समझकर समाधान खोजेंगे।
और यही वह सोच है जिसकी हमें अगली पीढ़ी में जरूरत है।
कॉलोनी और समाज की जिम्मेदारी भी है।
हर घर अकेले वर्षाजल संचयन नहीं कर सकता। लेकिन पूरी कॉलोनी मिलकर बहुत कुछ कर सकती है। कॉलोनी, स्कूल, कार्यालय, अस्पताल और अन्य संस्थान अपने भवनों की छत से आने वाले पानी को संग्रहित करने या भूजल पुनर्भरण में उपयोग करने की योजना बना सकते हैं।
केंद्रीय भूजल बोर्ड ने भी शहरी क्षेत्रों में वर्षाजल संचयन और भूजल पुनर्भरण के लिए अलग-अलग संरचनाओं को उपयोगी माना है। जहां पहले से रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बना है, वहां सबसे जरूरी सवाल यह भी होना चाहिए l “क्या वह वास्तव में काम कर रहा है?” कई बार व्यवस्था बन जाती है, लेकिन वर्षों तक उसकी सफाई और रखरखाव नहीं होता। इसलिए जल संरक्षण में निर्माण से ज्यादा महत्वपूर्ण है निरंतर देखभाल।
बारिश का पानी बचाना केवल सरकार का काम नहीं।
सरकार योजनाएं बना सकती है, स्थानीय निकाय व्यवस्था कर सकते हैं और विशेषज्ञ तकनीकी समाधान दे सकते हैं। लेकिन पानी को बचाने की अंतिम जिम्मेदारी समाज की भी है। एक छत का पानी छोटा लग सकता है। एक घर का रिचार्ज पिट भी छोटा लग सकता है। लेकिन जब यही सोच हजारों घरों में पहुंचती है तो उसका प्रभाव बड़ा हो जाता है। आज हमें यह सोच बदलनी होगी। “बारिश आई, पानी बह गया।” की जगह, “बारिश आई, हमने पानी बचा लिया।” होना चाहिए।
इस बारिश में एक छोटा संकल्प
इस मानसून में हर परिवार कम से कम एक बार अपने घर या संस्थान को देखकर यह सवाल पूछे, हमारी छत पर गिरने वाला बारिश का पानी आखिर जाता कहां है? अगर जवाब है, “नाली में बह जाता है”, तो शायद यही वह जगह है जहां से जल संरक्षण की शुरुआत हो सकती है।
किसी विशेषज्ञ या स्थानीय निकाय की तकनीकी सलाह लेकर यह पता करें कि आपके क्षेत्र में रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट या अन्य कौन-सी व्यवस्था उपयुक्त है। क्योंकि हर जगह एक ही तकनीक सही नहीं होती। जमीन की प्रकृति और स्थानीय भूजल परिस्थितियों के अनुसार समाधान तय करना चाहिए।
अंतिम बात..
हम अक्सर कहते हैं, “जल ही जीवन है।” लेकिन केवल यह कहने से पानी नहीं बचेगा। पानी तब बचेगा जब बारिश की बूंद को देखकर हम यह समझेंगे कि यह सिर्फ सड़क पर बह जाने वाला पानी नहीं, बल्कि हमारे आने वाले कल की जरूरत है। इसलिए इस बारिश में एक सवाल जरूर पूछिए, “जो पानी आसमान ने हमें दिया है, क्या उसे हम जमीन के भीतर पहुंचाकर अपने भविष्य के लिए बचा सकते हैं?” अगर जवाब हां है, तो शुरुआत अगली बारिश से नहीं, आज से होनी चाहिए।
बारिश की हर बूंद धरती के लिए जीवन का उपहार है, इसे यूं ही बह जाने न दें। आज जो पानी हम सहेजेंगे, वही कल हमारी और आने वाली पीढ़ियों की प्यास बुझाएगा। छत से लेकर खेत तक, जहां संभव हो बारिश के पानी को रोकें, सहेजें और जमीन में उतारें। क्योंकि धरती की प्यास बुझाने का सही समय कल नहीं, आज है।




