इंसान को दोष और बुराइयों से बचकर जीवनभर सुख बटोरने के लिए ऐसे 5 काम या यूं कहें कि सबक उजागर हैं, जो व्यावहारिक जीवन में कोई भी इंसान अपनाकर मनचाहे नतीजे पाने की राह आसान बना सकता है। दरअसल, इंसानी स्वभाव का एक पहलू यह भी है कि वह दूसरों की कमियों को ढूंढता है, मगर दु:खों का कारण बनने वाली अपनी कमजोरियों के बारे में सोचने से बचता रहता है। जबकि जीवन में शुभ और अच्छे फलों के लिए जरूरी है बेहतर कोशिशें और असफलताओं से सबक लेकर कमियों और दोषों को दूर करना।
अगर आप भी दु:खों से बचकर या उनको दूर रख सुखी जीवन गुजारना चाहते हैं, तो जानिए कौन से हैं सुखी व बलवान रखने वाले ये 5 जरूरी काम। सरल शब्दों में समझें तो जीवन में बुरे समय और परिणामों से बचने के लिये इन पांच बातों को मन, वचन, कर्म से जोडऩा चाहिए।
स्वच्छता रखें – मन व शरीर में पवित्रता शांत, सुखी व स्वस्थ्य जीवन के लिए जरूरी है। सेहतमंद व लंबी उम्र के लिए तन में मन में और विचारों में और व्यवहार में
साफ-सफाई का जरूर ध्यान रखें।
हिंसा से बचें – अस्त्र-शस्त्रों से वार ही नहीं, बल्कि गलत शब्द, बोल या विचार भी हिंसक होते हैं, जो जीवन को अशांत कर बुरे फल देते हैं। इसलिए हिंसा से हमेशा दूर रखने का संकल्प लें।
संयम रखें– इंद्रिय संयम सरल शब्दों में कहें तो शौक-मौज, विलासिता से भरे जीवन के आकर्षण में तन और मन को भटकाने से अंतत: जीवन रोग, दु:ख और पीड़ाओं से घिर जाता है। इसलिए मन और शरीर की इच्छाओं व वासनाओं को काबू में रखें।
चोरी से बचें– स्वयं के फायदे के लिए केवल पैसा ही नहीं बल्कि किसी के जीवन, मान-सम्मान, विचार से जुड़े विषय या चीजों पर अधिकार करना या अपहरण भी धर्म के नजरिए से चोरी है, जो दु:खों का कारण बनती है। इसलिए कुछ भी चुराने की मानसिकता से बचें।
सच बोलें – सत्य बोलने और व्यवहार से इंसान विश्वास और सम्मान पाता है। अगर आप यश, सफलता व प्रतिष्ठा की आस रखते हैँ तो मन, वचन और कर्म में सत्य को उतारें।