
कुछ अभिभावकों की शिकायत रहती है कि उनका बच्चा पढ़ी-लिख चीजों को याद नहीं रख पाता। वह इसके पीछे की वजहों को नहीं समझते और बच्चे की याददाश्त क्षमता को लेकर परेशान होने लगते हैं। बच्चा पढ़ी हुई चीजों को याद रखे, इसके लिए कुछ कोशिश करनी होगी।
बोरिंग चीजें किसी को पसंद नहीं होतीं। फिर बच्चे तो इससे और दूर भागते हैं, फिर चाहे वह पढ़ाई ही क्यों न हो। कई बार टीचर या आपके डर से वह पढ़ने तो बैठ जाते हैं मगर उसे ज्यादा दिनों तक याद नहीं रख पाते। पढ़े हुए को बच्चा याद रखे, इसके लिए जरूरी है कि उसे रोचक अंदाज में पढ़ाया जाए।
विजुअलाइज करने में मदद करें
चीजे याद रखने का सबसे आसान तरीका है, उन्हें विजुअलाइज करना। बच्चों को कहें कि वे अपने दिमाग में उन चीजों की तस्वीरें बनाने की कोशिश करें, जो कुछ भी वे पढ़ रहे हैं। आप विजुअल गेम्स, प्ले काड्र्स और कुछ ऐसी चीजें भी ले सकते हैं, जिनसे आपके बच्चे को सीखने में मदद मिल सके।
उन्हें पढ़ाने दें
बच्चे को टीचर की भूमिका में आने दें और उन्हें कहें कि वे आपको छोटी-बड़ी बातें सिखाएं। जैसे जोड़-घटाना या विज्ञान का कोई कठिन पाठ पढ़ाएं। जब वे ऐसा कर रहे हों तो उन्हें ऊंची आवाज में सिखाने के लिए कहें। यह उन्हें जानकारियों को ध्यान में रखने और लंबे समय तक दिमाग में बनाए रखने में मदद करेगा।
जानकारियों को टुकड़ों में बांटें
खाने की ही तरह जानकारियां भी छोटे-छोटे हिस्सों में दी जाएं तो याद रखने में आसानी होती है। उन्हें कहानी या कविता को तोड़कर याद करने में मदद करें या होमवर्क को बांटें ताकि वे चीजों को अच्छी तरह और लंबे समय के लिए याद रख सकें।
कलर कोड
टेक्स्ट को अलग-अलग रंगों से हाइलाइट करने या अंडरलाइन करने से जानकारियां लंबे समय तक बच्चों को याद रह सकती हैं। आप दो-चार रंगों से शुरुआत कर सकते हैं, जो उनका ध्यान आकर्षित करें, जैसे ट्रैफिक सिग्नल का रंग। उन्हें कहें कि महत्वपूर्ण तथ्यों को वे इन रंगों से मार्क करें।