दुर्ग। 02 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : दिनांक 01 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला दुर्ग में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी/कर्मचारियों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक सौमित्र भोई, सहायक उप निरीक्षक रोहित मरकाम एवं सहायक उप निरीक्षक तालसिंह का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग विजय अग्रवाल, द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने लगभग 35 से 40 वर्षों की पुलिस सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करते हुए अपने सेवाकाल की महत्वपूर्ण स्मृतियों का उल्लेख किया तथा वर्तमान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने अनुभवों से अवगत कराया। अपने उद्बोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग में दी गई आपकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं निष्ठापूर्ण सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी। आपके अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर हैं तथा भविष्य में भी दुर्ग पुलिस परिवार आपके साथ सदैव खड़ा रहेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
उपस्थित अधिकारी :
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, निरीक्षक (एम) बृजमोहन सिंह राजपूत, श्रीमती सावित्री धुर्वे सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस का संदेश :
दुर्ग पुलिस अपने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं का सम्मान करती है तथा उनके अनुभवों को संगठन की अमूल्य धरोहर मानते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करती है।




