दुर्ग 25 जुलाई 2026। कारगिल विजय के अमर योद्धा एवं शहीद कौशल यादव की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज भिलाई के हुडको स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद कौशल यादव के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए शहीद कौशल यादव द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और देश उनके अमूल्य योगदान का हमेशा ऋणी रहेगा।इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने शहीद कौशल यादव के परिजनों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके प्रति अपनी संवेदनाएँ और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है और सरकार उनके साथ सदैव खड़ी है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल के वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद कौशल यादव के बलिदान को शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया नमन
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




