भिलाई। 25 मई, 2026, (सीजी संदेश) : दुर्ग पुलिस ने नेहरू नगर, दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्र में चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह के मुख्य सरगना को फिल्मी स्टाइल में दिल्ली से बिहार के दरभंगा कार से 150 कि. मी. की रफ्तार से भाग रहे आरोपी को करीब 300 किलोमीटर तक चेज़ करके बीच सड़क पर घेराबंदी कर पकड़ा, इसके पूर्व दिल्ली में भी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए कभी बकरा व्यापारी बनकर और कभी जनगणना अधिकारी बनकर दुर्ग पुलिस लगातार आरोपी के पीछे लगी रही, जिसकी भनक लगते ही आरोपी बिहार भागने की फिराक में था। आरोपी की निशानदेही पर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, नगदी, जेवरात, कार एवं अन्य सामग्री डायमंड एवं प्लेटिनम ज्वेलरी, 7.500 ग्राम सोना, चांदी के सिक्के, आभूषण एवं सेल्ट, कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने मध्यप्रदेश, चंडीगढ़ एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में करोड़ों रुपये की चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों हाशिम खान, ज्वेलरी व्यवसायी सलीम खान एवं बिलासपुर निवासी शाहिल को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
मई माह के प्रथम सप्ताह में नेहरू नगर भिलाई थाना सुपेला पदमनाभपुर दुर्ग क्षेत्र में हो रही चोरियों का खुलासा दिल्ली, मेरठ के अन्तराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपी हासिम खान निवासी शालीमार गाईन मेरठ (उ०प्र०) को हाल में दिनांक 17 मई को मेरठ (उ0प्र0) से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के साथ चोरी का जेवर खरीदने वाले ज्वेलरी शाप संचालक सलीम खान निवासी मेरठ को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की गई 60 लाख का सोना बरामद किया गया था। घटना में शामिल फरार आरोपी कुख्यात एवं शातिर आरोपी नासिर हुसैन निवासी शाहीनबाग दिल्ली के शाहीन बाग एवं मदनपुर खादर, नोएड़ा क्षेत्र जैसे घनी आबादी, संकरी गलियों तथा बहुमंजिला फ्लैटों वाले क्षेत्रों में लगातार ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। स्थानीय स्तर पर आरोपी नासीर हुसैन के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस टीम ने अत्यंत पेशेवर एवं गोपनीय तरीके से क्षेत्र में काम प्रारंभ किया। पुलिस टीम ने स्थानीय गतिविधियों का सूक्ष्म अध्ययन कर पाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बकरा विक्रेता सक्रिय रहते हैं। इसके बाद पुलिस के सिविल स्टाफ ने स्थानीय लोगों के बीच घुलमिलकर बकरा विक्रेताओं के साथ रहकर एवं बकरा विक्रेता के साथ कई दिनों तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं ठिकानों की जानकारी एकत्रित की इस दौरान टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों का चिन्हांकन किया। इसके बावजूद आरोपी के बार-बार ठिकाना बदलने के कारण सटीक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। तत्पश्चात पुलिस टीम ने क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की आड़ लेकर जनगणना अधिकारी के वेश में घर-घर जाकर वांछित आरोपी नासीर हुसैन के ठहरने एवं आवागमन की जानकारी जुटाई। यह अभियान लगातार एक सप्ताह तक अत्यंत गोपनीय एवं रणनीतिक तरीके से संचालित किया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नासिर हुसैन चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज गति लगभग 150-160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से भाग रहे आरोपी को लगभग 300 कि.मी. दूरी का पीछा करते हुए पुलिस ने सूझबूझ, तत्परता एवं आक्रामक रणनीति के साथ घेराबंदी कर आगरा रोड क्षेत्र में हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़ तथा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई क्षेत्रों में करोड़ो रुपये की चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए सोने-चांदी एवं नगदी रकम से लगभग 10 लाख की एक सेकंड हैंड किआ कंपनी की कार क्रमांक डीएल-4सी/एजेड 7383 खरीदी थी, जिसका उपयोग वह लगातार कर रहा था। इसके अतिरिक्त आरोपी की निशानदेही पर डायमंड नेकलेस, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के नए कपड़े एवं साड़ियां, नगदी रकम अन्य सामग्री बरामद की गई। कुल मिलाकर लगभग 20,00,000/- रू० (बीस लाख रू०) मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मोह० नासीर हुसैन उर्फ आनस खान पिता मोह० आरीफ उम्म्र 32 साल पता बी-42 गली नंबर 5 जी एफ मदनपुर खादर थाना कालीनिव्री कुंज सरिता विहार साउथ दिल्ली एवं मकान नंबर सी 276 सेकण्ड फ्लोर बड़ी मस्जिद के पास शाहिन बाग थाना शाहिन बाग साउथ नई दिल्ली, ग्राम तिलकपुर वाई क्रमांक 22 थाना तिलकेश्वर जिला दरभंगा बिहार
जप्त सामग्रीः–
1. नगदी रकम 1,22,000 एक लाख बाईस हजार रू०,
2. डायमंड का ब्रेसलेट (एक नग) कीमती 7,00,000/-रू० सात लाख रू०
3. अमेरिकन डायमंड 50,000/- रू0 पच्चास हजार रू०
4. सोने का आभूषण 7.500 ग्राम सोना
5. चांदी के सिक्के एवं आभूषण 5.60 ग्राम
6. नये कपड़े 3,00,000/- रू तीन लाख रू०
7. किया (सेलटास) कंपनी की कार क्रमांक डीएल-4सी-एजेड-7383 कीमती 8,00,000/-रू० आठ लाख कुल कीमती लगभग 20,00,000/- रू० (बीस लाख रू०)
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पूर्व में आरोपी हाशिम पिता जब्बार निवासी शालीमार गेट मेरठ एस के ज्वेलर्स सलीम पिता अब्बास उम्र 28 साल पता धारा चौक मेरठ एवं बिलासपुर निवासी शाहिल को भी गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। आरोपी नासिर को दिल्ली से विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर लाकर दुर्ग न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जिला पुलिस दुर्ग की इस कार्यवाही में टीम की सतत निगरानी, तकनीकी विश्लेषण, मानवीय सूचना संकलन, जोखिमपूर्ण पीछा एवं जटिल परिस्थितियों में पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही किया है।




