भिलाई। 27 नवम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : आगामी भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 15, अंबेडकर नगर से भाजपा वैशाली नगर मंडल चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. सविता ललित मोहन ने पार्षद पद की दावेदारी दी है। उनके पक्ष में आवेदन भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. प्रदीप चौधरी, जिला संयोजक डॉ. सतीन्दर छाबड़ा, डॉ. नवीन शर्मा और जिला सहसंयोजक डॉ. रोशन साहू के नेतृत्व में भूपेंद्र सिंह सवन्नी को दिया गया।
डॉ. सविता ललित मोहन भाजपा की सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ वैशाली नगर चिकित्सा प्रकोष्ठ की संयोजक, हुनर नारी शक्ति की अध्यक्ष तथा इंडियन डेंटल एसोसिएशन भिलाई-दुर्ग शाखा की अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में अब तक 500 से अधिक निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। वे सेवा संकल्प अभियान के तहत रानी लक्ष्मीबाई स्कूल, घासीदास नगर में भी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा प्रदान करती हैं।
समाज और राजनीति में सक्रिय डॉ. सविता वर्षों से सावन तीज मेला, पिंक मैराथन, व्यंजन प्रतियोगिता, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाती आई हैं। उनका कहना है कि जनसेवा उनके लिए कोई चुनावी वादा नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही परंपरा है। वार्ड के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए उनकी ओर से लगातार विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
युवाओं को नया मंच देने के लिए हर वर्ष क्रिकेट, फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएँ कराई जाती हैं। बुजुर्गों के सम्मान में सियान महोत्सव आयोजित होता है, जिसमें वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। महिलाओं के लिए सावन तीज क्वीन प्रतियोगिता, व्यंजन प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए हुनर भिलाई के मंच से पेंटिंग, रंगोली, गायन, वादन और डांस प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुनर नारी शक्ति की ओर से व्यंजन प्रतियोगिता, खेल-कूद एवं पिंक मैराथन का आयोजन किया जाता है। पिंक मैराथन में 1,000 से अधिक महिलाएँ भाग लेती हैं, जिन्हें टी-शर्ट और कैप निःशुल्क प्रदान किए जाते हैं। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, राशन कार्ड शिविर और जन समस्या शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाता है।
डॉ. सविता ने कहा कि उनके प्रेरणा स्रोत स्वर्गीय श्री संजय खन्ना और ललित मोहन जी वार्डवासियों को नववर्ष पर डोंगरगढ़, जतमई, घटारानी जैसे धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराते थे, जिसमें आने-जाने तथा भोजन की पूरी व्यवस्था रहती थी। वे इस परंपरा को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया है।
भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों के प्रति पूर्ण निष्ठा जताते हुए डॉ. सविता ललित मोहन ने कहा कि पार्टी द्वारा पार्षद पद हेतु प्रत्याशी बनाए जाने पर वे पूर्ण समर्पण के साथ चुनाव लड़ेंगी और पार्टी के सभी निर्णयों का पालन करेंगी। उन्होंने “सेवा ही संकल्प है” को अपना मूल संदेश बताया।


