दुर्ग। 07 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर ने कहा कि संभाग में किसानों को खरीफ फसल हेतु खाद बीज की कमी न होने पाएं यह सुनिश्चित किया जाए। संभाग अंतर्गत सभी जिलों में उपलब्ध खाद एवं बीज का वितरण किसानों को समय पर किया जाए। संभाग आयुक्त श्री राठौर ने आज संभाग आयुक्त कार्यालय में संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में संयुक्त संचालक कृषि से संभाग अंतर्गत खाद बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए उक्त बातें कही। संयुक्त संचालक कृषि ने अवगत कराया कि संभाग में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। उपलब्धता के आधार पर जिलों में कृषि विभाग के अमले द्वारा वितरण भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभाग के जिलों में लक्ष्य के मुताबिक यूरिया 92 प्रतिशत, डीएपी 40 प्रतिशत, एसएसपी 114 प्रतिशत, एमओपी 98 प्रतिशत एवं एनपीके 88 प्रतिशत उपलब्ध है। इसी प्रकार यूरिया 63 प्रतिशत, डीएपी 30 प्रतिशत, एसएसपी 74 प्रतिशत, एमओपी 63 प्रतिशत एवं एनपीके 66 प्रतिशत सहकारी एवं निजी भंडारण के माध्यम से किसानों को वितरित की जा चुकी है। संभाग अंतर्गत दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, खैरागढ़, मोहला एवं कबीरधाम जिला अंतर्गत भण्डारित 101926 बॉटल नैनो यूरिया में से 61736 बॉटल नैनो यूरिया वितरित किया जा चुका है। इसी प्रकार 83477 भण्डारित नैनो डीएपी में से 48322 बॉटल नैनो डीएपी का वितरण किसानों को हो चुका है। संभाग के जिलों में मांग के विरूद्ध 108597 क्वि. विभिन्न किस्म के खरीफ बीजों का भण्डारण किया गया है। जिसमें से 98069 क्वि. बीजा का वितरण किसानों को किया जा चुका है।
संभाग आयुक्त श्री राठौर ने कृषक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए निर्धारित कार्ययोजना के मुताबिक कृषकों का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल प्रारंभ होने के साथ ही स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही चालू शिक्षा सत्र में शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष जोर देने तथा युक्तियुक्तकरण अंतर्गत अब तक पद ग्रहण न करने वाले शिक्षकों पर संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कार्यवाही हेतु संयुक्त संचालक शिक्षा को निर्देशित किया। संभाग आयुक्त ने नशा मुक्ति के लिए जन जागरूकता पर जोर देते हुए स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम-रैली आदि आयोजित करने कहा। उन्होंने उक्त कार्यक्रमों में समाज के अन्य वर्ग को भी भागीदारी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों संबंधित शिकायत व जानकारी साझा करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा जारी की गई टोल फ्री नं. 1933 सभी स्कूल, कॉलेजों के प्रवेश द्वारों पर वॉल राइटिंग कराई जाए। संभाग आयुक्त ने सीजीएमएससी द्वारा निर्माणाधीन कार्यों में प्रगति लाने तथा आरईएस द्वारा गांवों में महिला सदन का निर्माण गांव के अन्दर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा को सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरण निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संभाग स्तरीय आधिकारियों को अवगत कराया कि अधीनस्त कार्यालयों में अनुकम्पा नियुक्ति के तहत सहायक ग्रेड-03 पर पदस्थ कर्मचारी को 2 वर्षों के भीतर कौशल परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक है। बैठक में उपायुक्त (राजस्व) श्री पदुमलाल यादव और उपायुक्त (विकास) श्री संतोष ठाकुर एवं समस्त विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




