भिलाई। 28अप्रैल, 2026, (सीजी संदेश) : शहर की बढ़ती आबादी और व्यापारिक दबाव के बीच आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी की समस्याएं अब गंभीर रूप ले चुकी हैं। सब्जी विक्रेता संघ ने दुर्ग सांसद विजय बघेल को ज्ञापन सौंपते हुए मंडी को राधिका नगर (सुपेला थाना के पीछे) स्थानांतरित करने की मांग तेज कर दी है। संघ का कहना है कि यह कदम न केवल व्यापारियों बल्कि किसानों और आम जनता के हित में भी अत्यंत आवश्यक हो गया है।
सब्जी मंडी की अव्यवस्था से व्यवसाईयों को हो रहा नुकसान
आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी को वर्ष 2000 में सीमित क्षमता के साथ स्थापित किया गया था, जहां लगभग 25 थोक और 300 चिल्हर विक्रेताओं के लिए योजना बनाई गई थी। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। थोक व्यापारियों की संख्या बढ़कर 110 से अधिक हो गई है। और प्रतिदिन सुबह 4:00 बजे से लगभग 100 से ज्यादा भारी वाहन और 300 ट्रैक्टर-ट्रॉली मंडी पहुंचते हैं। पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने से जाम और अव्यवस्था आम बात हो गई है। मंडी में आने-जाने के लिए भी एक ही प्रवेश और निकास मार्ग है, जिससे दुर्घटना और विवाद की स्थिति बनती है। इन समस्याओं के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा।
राधिका नगर है बेहतर विकल्प
सब्जी विक्रेता संघ के अनुसार राधिका नगर में प्रस्तावित शासकीय भूमि कई दृष्टिकोण से उपयुक्त है क्यों कि:
* यह पर्याप्त खुला स्थान है, जिससे पार्किंग और आवागमन आसान होगा।
* यहां पर व्यवस्थित ढांचा विकसित कर कृषि उपज मंडी के तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
* शहर के यातायात पर कम दबाव, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।
* राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े होने के कारण बड़ी गाड़ियों को अन्य राज्यों से आने-जाने में आसानी होगी।
* किसानों और व्यापारियों के लिए बेहतर व्यापारिक माहौल होगा।
संघ का मानना है कि यदि इस स्थान पर नई मंडी विकसित होती है तो भिलाई क्षेत्र में सब्जी व्यापार को एक नई दिशा मिलेगी।
दिया एक माह का अल्टीमेटम
संघ के अध्यक्ष रवि जॉन सिंग और महामंत्री अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर समाधान नहीं हुआ, तो सभी थोक सब्जी विक्रेता अनिश्चितकालीन व्यापार बंद करने को मजबूर होंगे और अपनी मांग को लेकर धरना देंगे।
मिला व्यापक समर्थन
इस मांग को शहर के विभिन्न बाजारों और संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है जिसमें :
* आकाशगंगा चिल्हर सब्जी विक्रेता संघ
* नेताजी सुभाष मार्केट, पावर हाउस
* लक्ष्मी मार्केट सुपेला
* भिलाई के समस्त साप्ताहिक चिल्हर बाजार
संभाग आयुक्त व कलेक्टर कर चुके हैं स्थल निरीक्षण
मंडी संघ के सदस्यों द्वारा बीते दिनों में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं छत्तीसगढ़ राज्य कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मिल कर थोक सब्जी मंडी को राधिका नगर स्थानांतरण करने के लिए पहल की गई थी। इसके पश्चात दुर्ग जिले के संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर एवं जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने राधिका नगर सुपेला थाना के पीछे मंडी के लिए प्रस्तावित स्थल एवं आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी दोनों जगह का निरीक्षण किया और कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों से उचित कार्यवाही करने का आदेश दिया।
समय रहते निर्णय जरूरी
भिलाई की आकाशगंगा मंडी अब अपनी क्षमता से कहीं अधिक दबाव झेल रही है। ऐसे में राधिका नगर में स्थानांतरण केवल एक मांग नहीं, बल्कि व्यवस्थित व्यापार, किसानों के हित और शहर के यातायात सुधार के लिए जरूरी कदम बन चुका है।
यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि समय रहते निर्णय लेते हैं, तो यह कदम भिलाई के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को मजबूती देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।



