भिलाई 2 August 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र और भिलाई टाउनशिप को बचाने कांग्रेसियों ने निर्णायक लड़ाई शुरू कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के आह्वान पर रविवार, 2 अगस्त को हजारों की संख्या में कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। हाथों में ध्वज एवं बैनर लिए कांग्रेसियों का हुजूम सेक्टर 9 मेन हॉस्पिटल स्थित हनुमान मंदिर के समीप उमड़ पड़ा। हनुमान जी की पूजा अर्चना कर कांग्रेसी पंडित रविशंकर शुक्ल प्रतिमा स्थल पर इकट्ठा हुए, जहां वरिष्ठ नेताओं ने भिलाई को बचाने मर मिटने का संकल्प लिया। यहां से पदयात्रा की शुरुआत हुई। हजारों की संख्या में कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए पैदल यात्रा शुरू की तो ऐसा लगा मानो सड़क पर सैलाब आ गया है।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू, बीडी कुरैशी, अरुण वोरा, नीरज पाल, नीता लोधी, प्रतिमा चंद्राकर, देवेंद्र यादव, प्रदीप बाकलीवाल, जितेंद्र साहू, गिरवर साहू, इरफान खान, बृजमोहन सिंह, अतुल साहू, सीजू एंथोनी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई एवं दुर्ग के पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा की शुरुआत की। सेक्टर 9 मेन हॉस्पिटल चौक स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल प्रतिमा स्थल पर वक्ताओं ने अपनी बात रखी। वक्ताओं का स्पष्ट कहना था कि भिलाई की पहचान आज पूरी दुनिया में है। मिनी भिलाई के रूप में यहां पूरे देश के लोग वर्षों से शांतिपूर्वक निवासरत हैं। भाजपा की सरकार इस भिलाई को खत्म कर देना चाहती है। इसकी पहचान मिटा देना चाहती है। हम यह किसी कीमत पर नहीं होने देंगे। भाजपा सरकार की हर गलत मंशा का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। चाहे इसके लिए कितनी ही लड़ाई क्यों ना लड़ना पड़े। भिलाई इस्पात संयंत्र और भिलाई टाउनशिप को बचाने कल यदि हमें बलिदान की जरूरत पड़ी तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। पदयात्रा रिसाली, मरोदा, सेक्टर क्षेत्र, सुपेला, रामनगर होते हुए जहां-जहां से निकली चौक चौराहों पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित नागरिकों ने कांग्रेसजनों को माला पहनाकर अभिनंदन किया और उनका हौसला बढ़ाया।पदयात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने जगह-जगह लोगों के बीच एक पर्चा भी बांटा जिसमें महामहिम राष्ट्रपति को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में रखी गई मांगों को बताया गया है। नागरिकों का कहना था कि कांग्रेस की इस लड़ाई में हम उसके साथ हैं भिलाई को बचाने हम कदम कदम पर कांग्रेस का साथ देंगे। देर शाम पदयात्रा जवाहर नगर स्थित मगध तेली समाज के भवन पहुंची जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई थी।
बीएसपी और भिलाई टाउनशिप को बचाने कांग्रेसी उतरे सड़क पर,,,,, मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में चार दिवसीय पदयात्रा
Chhattisgarh no.1 News Portal
Leave a comment




