रायपुर। आयकर विभाग में कांग्रेसी प्रदर्शन करते हुये पहुंचे पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। प्रदर्शन के दौरान टीन के बैरीकेट को तोड़ दिये। पूरे जिले से कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ता रायपुर पहुंचे हुये है। इसी बीच कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने ब्यान जारी किया है कि मोदी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए की गई द्वेषपूर्ण डर भय आतंक और दहशत फैलाने की कार्यवाही में केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ छत्तीसगढ़ के कांग्रेसजनों ने आज दोपहर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक गांधी मैदान से शांतिपूर्ण लेकिन आक्रामक विरोध किया जा रहा है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुये कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 15 साल संघर्ष के बाद हम भाजपा को उखाड़ फेंकने में कामयाब हुए। यह रेड हमारी सरकार को अस्थिर करने के लिए हो रही है। जब भी ऐसी कोई कार्रवाई होती है तो स्थानीय प्रशासन, एसपी, डीजीपी को जानकारी मिलती है। मगर यहां किसी को कुछ नहीं बताया गया। बिना सूचना के ऐसी कार्रवाई करने का मतलब है कि मोदीजी की नीयत में खोट है, हम तो अंग्रेजों की पुलिस से डरे नहीं थे, तो मोदीजी के पुलिस से क्या डरेंगे, आज हम लड़ेंगे। अंत में शायराना अंदाज में मरकाम ने कहा कि अपनी बुलंदी पर इतना गुमान न करो मोदी, हमने तो आसमान से भी तारे टूटते देखे हैं।
राज्य सभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रसिद्धि को पीएम पचा नहीं पा रहे है इसलिये यह कार्यवाही जारी है। वह छत्तीसगढ़ के लोगों को जानते नही है। जनता इसका बदला आगे समय आने पर लेगी।