भिलाई तीन 17 जून 2026 । पंजाब प्रभारी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई-3 थाना परिसर में उग्र धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने कहा कि सुनियोजित तरीके से भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा ऐसे कृत्य पहले भी कर चुके हैं।
नगर निगम भिलाई चरोदा के सभापति कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि कुछ लोगों के द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी, आपत्तिजनक टिप्पणियां और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे न केवल पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है, बल्कि राजनीतिक माहौल को भी प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। महापौर निर्मला कौसरे ने कहा कि अब सहनशक्ति खत्म होते जा रही है और बर्दाश्त के बाहर है।हमारे नेता के चरित्र पर दाग लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री और कांग्रेस की लोकप्रियता को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे ऐसे चरित्रहीन लोगों पर करवाई शासन प्रशासन जल्द से जल्द करें नहीं तो उग्र आंदोलन किया जावेगा।
प्रदेश महामंत्री सुजीत बघेल ने कहा कि जनता सब देख रही है आने वाले समय में सबका हिसाब चुकता किया जावेगा। इस अवसर पर
पप्पू चंद्राकर,संतोष तिवारी,मोहन साहू,टेनेंद्र ठाकरे,अरुण वर्मा
,भागी निर्मलकर,युवराज वर्मा,गिरजा शंकर बंछोर,वेंकट रमना,नरेंद्र वर्मा,राजेश्वरी पटेल,कुमारी ढीमर,अभिषेक वर्मा,मनीषवर्मा,गुलमोहर वर्मा,राम सूर्यवंशी,मिथलेश राव,बीएन राजू,ईश्वर साहू
एम जॉनी,मिलिंद दानि,सूर्यकांत शर्मा,सुप्रिया टेमूलकर,वेंकट रमणा,विनोद कुमार,लक्ष्मी नरसिम्हा,राहुल वर्मा,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने थाना परिसर में एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के समक्ष ज्ञापन सौंपा और दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं के खिलाफ झूठी एवं भ्रामक सामग्री फैलाना उचित नहीं है। यदि किसी को विरोध दर्ज कराना है तो वह लोकतांत्रिक और तथ्यात्मक तरीके से करे, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह और भ्रम फैलाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
थाना परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को देखते हुए कानून-व्यवस्था पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर कहीं कांग्रेसी वहां से हटे। इस मामले में एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि FRI दर्ज कर लिया गया है जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की जावेगी।




