रायपुर। 07 नवम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा 01 नवम्बर से 07 नवम्बर तक आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत आज अभियान के सातवें एवं अंतिम दिवस पर “अपशिष्ट कम करें (Reduce Waste)” थीम पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों में कचरे की मात्रा कम करने, वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने तथा उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने के प्रति रेल कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों, वेंडरों एवं यात्रियों को जागरूक करना था। अभियान के दौरान रेलवे कार्यालयों एवं स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले, पोस्टर एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता संबंधी संदेश प्रसारित किए गए। यात्रियों एवं कर्मचारियों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने, अनावश्यक वस्तुओं के उपयोग से बचने तथा पुनः उपयोग योग्य एवं पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही अनुपयोगी एवं त्यागी गई सामग्रियों से उपयोगी एवं आकर्षक कलाकृतियां (Waste-to-Art) तैयार करने, रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कर्मचारियों एवं यात्रियों को कचरा कम करने, वस्तुओं का पुनः उपयोग करने तथा कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सभी से अपील की गई कि वे अनावश्यक कचरा उत्पन्न न करें, इधर-उधर कचरा न फेंकें तथा ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
रायपुर रेल मंडल द्वारा इस सात दिवसीय जागरूकता अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। रेलवे प्रशासन ने सभी रेलकर्मियों एवं यात्रियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।


