भिलाई 6 नवंबर 2026। धनतेरस पर्व के दिन बीएसपी के एंसिलरी उद्योगों को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। अब भिलाई में भी एंसिलरी स्टेटस, ब्लड रिलेशन में ट्रांसफर हो सकेंगे। भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज चितरंजन महापात्रा ने बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को आज यह बड़ी खुशखबरी दी। काफी लंबे समय से भिलाई के उद्योगपति इस मुद्दे को लेकर परेशान थे।
डायरेक्टर इंचार्ज श्री महापात्रा की अध्यक्षता में एंसिलरी एसोसिएशन की शुक्रवार, 6 नवंबर को महत्वपूर्ण बैठक हुई। एंसिलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता ने ब्लड रिलेशन में एंसिलरी स्टेटस ट्रांसफर नहीं होने का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने बोरिया गेट में ट्रैफिक जाम की स्थिति में उद्योगों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि समय पर प्रोडक्ट की डिलीवरी नहीं हो पाने से न केवल उद्योगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है बल्कि समय पर प्लांट को भी प्रोडक्ट की डिलीवरी नहीं हो पाती।
डायरेक्टर इंचार्ज ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उन्होंने एंसिलरी उद्योगों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि अब एंसिलरी स्टेटस, ब्लड रिलेशन में ट्रांसफर किए जा सकेंगे। इसके साथ ही डायरेक्टर इंचार्ज ने आश्वस्त किया कि बोरिया गेट पर ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए जल्द ही दो नए गेट बनाए जा रहे हैं। एंसिलरी उद्योगों के लिए अलग से टोकन की व्यवस्था भी की जावेगी ताकि गेट पर लोड कम हो सके। साथ ही एक एंसिलरी को दो गेट पास देने की बात भी उन्होंने कही। इससे एंसिलरी उद्योगों की परेशानियां दूर होंगी।
डायरेक्टर इंचार्ज श्री महापात्रा ने बताया कि केस टू केस बेस पर प्रोप्रराइटरी आइटम को डेवलप करने का मौका एंसिलरी उद्योगों को मिल सकेगा। साथ ही भिलाई इस्पात संयंत्र के एक्सपांशन में जो भी नए प्रोजेक्ट्स आ रहे हैं उन पार्टियों के साथ एंसिलरी उद्योगों के संचालकों के साथ बैठक कराई जाएगी ताकि यहां के एंसिलरी उद्योगों को भी प्रोजेक्ट में काम मिल सके।एंसिलरी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने तालियां बजाकर इन निर्णयों का स्वागत किया।
चर्चा काफी सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में हुई। बैठक से पूर्व दोनों पक्षों ने एक दूसरे को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं दी।बैठक में बीएसपी के ईडी एमएम अजय चक्रवर्ती, सीजीएम एमएंडयू बी के बेहरा, सीजीएम एमएम के सी मिश्रा एवं अयान मिश्रा, जीएम शाहिद अहमद, बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता, महासचिव श्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष शशि भूषण, कोषाध्यक्ष सुरेश चावड़ा, सचिव वरुण घोष, वरिष्ठ सदस्य डी राय चौधरी एवं योगेश गुप्ता उपस्थित थे।


