दुर्ग। 15 जून, 2026, (सीजी संदेश) : जिले में कृषि पशुओं की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध दुर्ग पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। मुखबिर की सूचना पर थाना धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पासिंग की एक बोलेरो पिकअप को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें पांच गौवंशीय पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरकर कथित रूप से कत्लखाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन एवं मवेशियों को जप्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध पशु परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनांक 14.06.2026 को थाना धमधा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग का महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन महाराष्ट्र पासिंग में अवैध रूप से गौवंशीय पशुओं का परिवहन कर बेरला क्षेत्र से धमधा होते हुए कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना धमधा पुलिस द्वारा राहटादाह चौक, उन्नति आईटीआई के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की गई। शाम लगभग 07:00 बजे संदिग्ध वाहन क्रमांक एमएच 35 एजे 3531 को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर चालक द्वारा वाहन भगाने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा गया। वाहन के पीछे डाले में तिरपाल से ढंककर 05 नग मवेशी (03 नग पड़िया एवं 02 नग पड़वा) क्रूरता पूर्वक भरे हुए पाए गए।पूछताछ में चालक ने अपना नाम दुर्गेश घोरमारे निवासी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) बताया तथा मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड कर गोंदिया स्थित कत्लखाने ले जाना स्वीकार किया। आरोपी से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज एवं रसीद प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किंतु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 148/2026 धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
▪️ घटना का कारण :
अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से कृषि पशुओं का अवैध परिवहन कर कत्लखाने ले जाना।
▪️ घटना स्थल :
राहटादाह चौक, उन्नति आईटीआई के सामने मुख्य मार्ग, थाना धमधा, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का नाम :
1. दुर्गेश घोरमारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी चिचटोला, पोस्ट बड़गांव, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश)।
▪️ जप्त सामग्री :
1. महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक एमएच 35 एजे 3531, कीमती लगभग ₹10,00,000/-।
2. 03 नग पड़िया एवं 02 नग पड़वा कुल 05 नग मवेशी, कीमती लगभग ₹30,000/-।कुल जप्ती मूल्य ₹10,30,000/-।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना धमधा के सउनि अश्वनी सिंह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही, जिनके द्वारा त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी एवं प्रभावी कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कृषि पशुओं की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
URIS id=9218]




