भिलाई। 28 नवम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : जुही हाउसिंग अपार्टमेंट्स वेलफेयर को-ऑपरेटिव सोसायटी मर्यादित, तालपुरी की पूर्व निर्वाचित प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों की पात्रता को लेकर सोसायटी के रहवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में रहवासियों द्वारा पंजीयन एवं निर्वाचन अधिकारी के समक्ष विधिवत दावा-आपत्ति प्रस्तुत की गई है। रहवासियों का कहना है कि पूर्व प्रबंधकारिणी समिति द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान सोसायटी के उपविधियों एवं लागू नियमों के तहत निर्धारित अनिवार्य दायित्वों का समुचित पालन नहीं किया गया। इनमें वार्षिक आमसभा का आयोजन, आय-व्यय का वार्षिक लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत करना तथा नियमानुसार ऑडिट कराना जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।रहवासियों ने इन कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन अधिकारी से पूर्व प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों की पात्रता की नियमानुसार जांच कराने तथा जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर उन्हें अपात्र घोषित करने की मांग की है। रहवासियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि उनकी प्रस्तुत आपत्तियों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती तथा पूर्व समिति के सदस्यों की पात्रता के संबंध में नियमानुसार उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तो असंतुष्ट सदस्य सोसायटी की सदस्यता त्यागने जैसे कदम उठाने के लिए विवश होंगे।रहवासियों का स्पष्ट मत है कि सहकारी संस्था की निर्वाचन प्रक्रिया केवल औपचारिकता न होकर नियमों, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों पर आधारित होनी चाहिए। इसलिए प्रस्तुत दावा-आपत्तियों का निष्पक्ष एवं नियमानुसार निराकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि सोसायटी की चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।
दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने वाले सदस्यगण
पायल सिन्हा पवार, आरती चौधरी, राजेंद्र साहू, अजीत कुमार तिवारी, श्रीमती यशोदा पवार, पल्लवी रॉय, मधु गेंडे, श्वेता सिन्हा, महिमा ढोबले, सरोज चौधरी, नीलम चंद्रावत, अनिल जोशी, श्रीमती मनोरमा लाल, हज्जीत सिंह, लक्ष्मी नारायण, दुर्गा शुक्ला, मोनिका मॉरिस, पी. शिवराम, जी. के. खरे, अभिषेक पवार, रूपेंद्र कुमार साहू, थान सिंह साहू, हरि गोटे, किरण साहू, बृजेश्वर, प्रीति बावित, ज्योति देवबर्मन, मुकेश शर्मा, लक्ष्मी नारायण एवं रामसिंग देवांगन।


