धमतरी। 15 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा दिनांक 15 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धमतरी में, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज, रायपुर द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के पालन की समीक्षा के साथ जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में दिनांक 01 अक्टूबर से 12 नवंबर तक की अवधि में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसपी ने प्रत्येक थाना/चौकी प्रभारी से अपराधों की विवेचना, लंबित प्रकरणों, चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत, विभागीय जांच एवं प्राथमिक जांच की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रकरणों के लंबित रहने के कारणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
60 एवं 90 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष फोकस
एसपी धमतरी,श्रीमती भावना पांडेय ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इनके शीघ्र निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण में विवेचना की प्रगति, साक्ष्यों के संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चालान प्रस्तुत करने की स्थिति की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित विवेचना करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 60 Days Compliance एवं 90 Days Compliance की अद्यतन स्थिति की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी प्राप्त कर समीक्षा की गई। e-Sakshya SID, IIF-1 से IIF-6 तक की प्रविष्टियों तथा CAS Entry Pending Chargesheet की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित डिजिटल प्रविष्टियों एवं अभिलेखीय कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कर रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
फरार आरोपियों, वारंटियों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, समंस एवं स्थायी वारंटों की तामीली, निगरानी बदमाशों एवं गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। एसपी धमतरी ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों एवं वारंटियों की पतासाजी कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं जिलाबदर हेतु चिन्हांकित अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही करने पर भी जोर दिया गया।
नशा तस्करी, चाकूबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश
एसपी ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशा तस्करी के विरुद्ध निरंतर प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के साथ उनके नेटवर्क की पहचान कर ठोस एवं परिणाममूलक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। इसी प्रकार चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चाकू एवं अन्य धारदार हथियार लेकर चलने वाले व्यक्तियों, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा नियमित सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने बिट प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि बीट अधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में भ्रमण करें, आम नागरिकों से निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें तथा क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक गतिविधियों एवं संवेदनशील स्थानों की अद्यतन जानकारी संकलित करें। सभी थाना/चौकी प्रभारी स्वयं इन गतिविधियों की मॉनिटरिंग करें, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में समीक्षा अवधि के दौरान की गई लघु एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, बाउंड ओवर कार्यवाही तथा अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। थाना एवं चौकी स्तर पर शांति समिति, सड़क सुरक्षा समिति एवं महिला कमांडो की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए। एसपी धमतरी ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने, आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसहभागिता के माध्यम से अपराधों की रोकथाम एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देश
सभी थाना/चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। रॉन्ग साइड वाहन चलाने, शराब के नशे में वाहन चलाने तथा लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करें। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाना सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ यातायात का सुचारू एवं सुरक्षित संचालन बना रहे।
डिजिटल एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश
एसपी धमतरी,श्रीमती भावना पांडेय ने आधुनिक तकनीक को प्रभावी पुलिसिंग एवं वैज्ञानिक विवेचना का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए CCTNS, E-Sign FIR, E-Sign Challan, E-Sakshya, e-MedLEaPR, E-FSL, e-Prosecution, Cri-MAC एवं DG/IG Dashboard सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रगति की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त 10 मिनट, त्रिनयन, सक्षम, E-DAR/IRAD, ICJS, CEIR, ITSSO, JCTS एवं NETGRID जैसे तकनीकी संसाधनों के उपयोग की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं विवेचकों को इन प्लेटफॉर्म का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों की पहचान, साक्ष्य संकलन, वैज्ञानिक विवेचना एवं प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जा सके। बैठक में e-MedLEaPR के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी विवेचकों द्वारा नियमित CRA Login सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि डिजिटल कार्यों एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी आवश्यक प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित पूर्ण की जाएं।
CCTV एवं शासकीय संसाधनों के रख-रखाव पर विशेष ध्या
एसपी धमतरी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को थानों में स्थापित CCTV कैमरों को सदैव चालू एवं कार्यशील स्थिति में रखने, उनकी नियमित जांच, उचित रख-रखाव एवं रिकॉर्डिंग की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शासकीय वाहनों, वायरलेस सेट, कंप्यूटर एवं अन्य पुलिस संसाधनों का नियमित रख-रखाव कर उन्हें सदैव उपयोग के लिए तैयार रखने को कहा गया।
जप्ती माल के निराकरण संबंधी निर्देश
सभी थाना/चौकी प्रभारी अपने-अपने थानों में लंबित जप्ती माल का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। प्रकरणों में जप्त वाहनों, मादक पदार्थों, अवैध सामग्रियों एवं अन्य संपत्ति का वर्षवार विवरण तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करें। न्यायालय में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी एवं समन्वय स्थापित कर जप्ती माल के निराकरण में अनावश्यक विलंब न होने दें। साथ ही जप्ती माल के रखरखाव एवं अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करें।
उच्च अधिकारियों के निर्देशों का समय-सीमा में पालन एवं आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज, रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। एसपी धमतरी ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को उच्च अधिकारियों के निर्देशों का गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्यवाही, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार है। सभी थाना एवं चौकी प्रभारी आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्परता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। बैठक के अंत में उन्होंने निर्देशित किया कि क्राइम मीटिंग में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण करें तथा आगामी समीक्षा बैठक में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
उक्त क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी एवं रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त साइबर थाना प्रभारी, अजाक थाना प्रभारी, महिला सेल, कंट्रोल रूम प्रभारी, यातायात प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के मुख्य लिपिक, स्टेनो, रीडर, ओएम, डीएसबी, डीसीबी, सीसीटीएनएस, शिकायत एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए। सभी अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित अपराधों, लंबित प्रकरणों, जांच एवं पुलिसिंग गतिविधियों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई।
धमतरी पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को संवेदनशील, जवाबदेह एवं समयबद्ध पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


