दुर्ग। 14 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : थाना उतई क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में दिनांक 14.11.2026 को हुई हत्या की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर मृतक की बहन को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला ने पूछताछ में सीलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर पर प्रहार कर हत्या करना स्वीकार किया। प्रकरण में अपराध क्रमांक एवं धारा 103(1) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 14 नवंबर को थाना उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में मर्ग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची, जहां मृतक धर्मेन्द्र पाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री का शव मिला। शव के निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से प्राणघातक चोट पहुंचाए जाने के तथ्य सामने आए। प्रारंभ में मृतक की बहन एवं सूचनाकर्ता धन्नी धनकर द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति के हमले से भाई की मृत्यु होना बताया गया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। घटनास्थल एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त सीलबट्टा (लोढ़ा) प्रस्तुत किया, जिसे पुलिस द्वारा जप्त किया गया। आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी महिला अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी कारण उसने सीलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर एवं बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना स्थल
ग्राम गोड़पेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
आरोपी का नाम
1\. धन्नी धनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री, थाना उतई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
1\. घटना में प्रयुक्त 01 सीलबट्टा (लोढ़ा)।
सराहनीय कार्य
उक्त प्रकरण के त्वरित खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना उतई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्यों का संकलन एवं संदेह के आधार पर पूछताछ करते हुए चंद घंटों के भीतर मामले का खुलासा किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक विवाद एवं घरेलू तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। विवाद की स्थिति में परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों अथवा पुलिस की सहायता लें। किसी भी प्रकार की हिंसक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।


