भिलाई। 14 नवंबर, 2026, (सीजी संदेश) : गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6, भिलाई के तत्वावधान में 15 नवंबर (रविवार) को छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं आदर्श विवाह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन में सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।
समिति के अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज के युवाओं में इस सम्मेलन को लेकर भारी उत्साह है। अब तक ऑनलाइन माध्यम से लगभग 250 से 300 युवक-युवतियों का पंजीयन हो चुका है। इसके अतिरिक्त, जो प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीयन नहीं करा पाए हैं, उनके लिए कार्यक्रम के दिन यानी 15 नवंबर को आयोजन स्थल पर ही ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विवाह के दौरान होने वाले फिजूलखर्च और समय की बर्बादी को रोकना है। कार्यक्रम के दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियां मंच पर आकर समाज के समक्ष अपना परिचय देंगे। इस मंच के माध्यम से एक ही छत के नीचे दोनों पक्षों के परिवार आपस में सीधा संवाद कर अपने बच्चों के लिए योग्य और मनपसंद जीवनसाथी का चयन कर सकेंगे। इस आयोजन में अतिथि के रूप में समाज के वरिष्ठ समाज प्रमुख मंच पर उपस्थित रहेंगे और नवयुगलों व प्रतिभागियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे। अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के सामाजिक बंधुओं से विनम्र आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हों और इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।


