रायपुर 15 अक्टूबर 2026। कमिश्नरेट में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी अपने नियमित यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए आपराधिक प्रकरणों के निराकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह में यातायात ड्यूटी के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 13 अधिकारी-कर्मचारियों को 04 प्रकरणों में प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि ईनाम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*उत्कृष्ट कार्यों का विवरण-*
🔸*प्रकरण 01-*
दिनांक 13.10.26 को यातायात थाना पचपेड़ीनाका में पदस्थ निरीक्षक गोविन्द प्रसाद यादव हमराह प्र. आर. 1815 कुलेश्वर राजपूत, आर. 1738 सुनील क्षत्रीय, आर. 669 गोपाल सिंह राजपूत एवं आर. 1214 विजय कुमार सेन द्वारा माननीय राज्यपाल महोदय के प्रवास के दौरान राजेंद्र नगर अंडर ब्रिज में वीवीआईपी सुरक्षा/यातायात व्यवस्था ड्यूटी में लगे हुए थे। दोपहर करीब 02.30 बजे मदर टेरेसा मिशनरीज के मुख्य द्वार के पास एक व्यक्ति नवजात शिशु को लावारिस छोड़कर भाग रहा था। ड्यूटीरत पुलिस टीम द्वारा मानवीय संवेदनशीलता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए नवजात के जीवन बचाने हेतु तुरंत नवकार हास्पिटल में भर्ती किया गया। भाग रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा गया एवं नाम पता पूछने पर अपना नाम रफीक शेख निवासी गोंदिया (महाराष्ट्र) बताया। आरोपी को थाना टिकरापारा सुपुर्द किया गया जहाँ उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
🔸*प्रकरण 02-*
दिनांक 14.10.2026 को यातायात थाना भनपुरी में पदस्थ प्र.आर. 714 विजय मार्कण्डेय, आर. 1025 भरथरी बंजारे, आर. 2305 संदीप राठौर तथा आर. 2618 सतीश वर्मा, बंजारी मंदिर यातायात व्यवस्था की ड्यूटी में लगे थे।बिना नंबर वाले मोसा. रोक कर वाहन के दस्तावेज की पूछताछ की गई,वाहन का नंबर CG 07BX 4795 था परंतु दस्तावेज पूर्ण नहीं थे। उसी समय एक प्रार्थी धनीराम चंद्रा पिता उदय राम चंद्रा निवासी सिलतरा द्वारा बताया गया कि उक्त मोटर साइकिल चालक द्वारा उसका मोबाइल और 700 रूपये नगद छीनकर भगा था। प्रार्थी के सूचना पर तलाशी लेने पर प्रार्थी का मोबाइल प्राप्त हुआ जिसे तस्दीक करने उपरांत प्रार्थी को वापस दिया गया और आरोपी करण पाल पिता विजय पाल को खमतराई पेट्रोलिंग बुलाकर मोटर साइकिल सहित सुपुर्द किया गया जहाँ उसके विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की गई।
🔸*प्रकरण 03-*
दिनांक 14.10.2026 को यातायात थाना पंडरी क्षेत्र में निरीक्षक अमित पद्मशाली, प्रआर. 1371 श्रीकांत मिश्रा एवं आर. 2580 रमेन्द्र वर्मा द्वारा पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था बनाया जा रहा था कि पंडरी शराब दुकान के पास सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब की बोतल में चाय पत्ती और पानी मिलाकर नकली शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उस संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर यातायात थाना लाया गया एवं तलाशी लिया गया जिससे उसके पास से एक मोबाइल रेडमी कीमती लगभग 15000 रुपए मिला, मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नही देने पर तकनीकी साक्ष्य के माध्यम से मोबाईल स्वामी से संपर्क किया जिसने बताया कि उक्त मोबाइल घर से चोरी हो गया है। मोबाईल स्वामी को थाना बुलाकर तथा देवेंद्र नगर थाना पेट्रोलिंग को बुलाकर संदिग्ध व्यक्ति को अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपुर्द किया गया।
🔸*प्रकरण 04-*
दिनांक 08.10.2026 को यातायात मुख्यालय से आरक्षक 2675 ललित कुमार साहू की ड्यूटी उर्स मेला के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए एवरग्रीन चौक में लगायी गयी थी। ड्यूटी के दौरान सूचना मिली कि ई-रिक्शा वाहन में एक व्यक्ति बैठकर चाकू लहरा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल रिस्पांस करते हुए ई-रिक्शा वाहन को दौड़ाकर पकड़ा। ई-रिक्शा चालक ही चाकू दिखा कर लोगों को डरा रहा था। आरोपी व ई-रिक्शा को वहीं पर ड्यूटीरत उप निरीक्षक सी.पी. साहू के पास ले गया एवं कंट्रोल के माध्यम से गोलबाजार पेट्रोलिंग को बुलाकर आरोपी को ई-रिक्शा सहित अग्रीम कार्यवाही हेतु सुपुर्द किया गया जहाँ उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
इस प्रकार यातायात व्यवस्था के दौरान अपनी नियमित ड्यूटी से आगे बढ़कर अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी करते हुए मोबाईल, पैसा छीनकर भागने वाले तथा हथियार रखने वाले अपराधियों को पकड़ने के साथ साथ मानवीय संवेदना दिखाते हुए लावारिस शिशु को हास्पिटल पहुंचाकर उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 13 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (भा॰पु से॰)ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यकुशलता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों का मुख्य दायित्व यातायात व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन ड्यूटी के दौरान अपराध घटित होते देखने अथवा संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ना पुलिस की सतर्कता एवं जिम्मेदारी का परिचायक है। ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन, अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) एवं पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा, के साथ-साथ यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



