भिलाई। 28 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : शहर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के दिशा-निर्देश एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोसानगर-सुपेला के आह्वान पर वार्ड क्रमांक 26 रामनगर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। वार्ड अध्यक्ष दिनेश ठाकुर के नेतृत्व में दोपहर 2 बजे हुई इस बैठक में बढ़ते बिजली बिल के मुद्दे और आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरसिंह नाथ ने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और बिजली बिल से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता को जागरूक करने की जरूरत है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर घर-घर जाकर बिजली बिल से संबंधित फॉर्म जमा कराने तथा लोगों को इस मुद्दे की जानकारी देने की रणनीति तय की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने और बिजली बिल से संबंधित उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से सामने लाने की बात कही गई। इसके अलावा आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह नाथ ने कार्यकर्ताओं से वार्ड क्रमांक 26 के प्रत्येक बूथ को मजबूत करने तथा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार कश्यप, ब्लॉक महामंत्री नरेंद्र पिपरोल, मंडल अध्यक्ष बलदाऊ पिपरिया सहित वार्ड के वरिष्ठ कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



