भिलाई। 16अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल के साथ इसी माह सेवानिवृत्त होने जा रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेंकट राव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री एवं विभाग के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि संस्था ने पिछले वर्ष निर्णय लिया था कि संस्था से जिस भी वर्ग का कर्मचारी सेवानिवृत्त होगा, उसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनाया जाएगा तथा संस्था प्रभारी के साथ ध्वजारोहण का अवसर दिया जाएगा। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष वेंकट राव को मुख्य अतिथि बनाया गया। संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि देश को स्वतंत्र कराने के लिए हमारे पूर्वजों ने अपने जीवन का बलिदान दिया और त्याग एवं समर्पण की मिसाल कायम की। अब देश की स्वतंत्रता, एकता और विकास को बनाए रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमें देश को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में भी मिलकर योगदान देना चाहिए। सैय्यद असलम ने स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न महापुरुषों तथा सभी धर्म, जाति और समुदाय के लोगों के योगदान को विस्तार से बताया। उन्होंने रेशमी रूमाल आंदोलन, दांडी यात्रा, सत्याग्रह आंदोलन, जलियांवाला बाग और भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता संघर्ष के विभिन्न पड़ावों का उल्लेख करते हुए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण किया। उन्होंने सभी से अहिंसा के मार्ग पर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा भारत की उन्नति और विकास में अपना योगदान देने की अपील की। समारोह में डॉ. रवि शंकर सत्यार्थी, डॉ. अर्पिता शर्मा, डॉ. नितिन कश्यप, योग चिकित्सक श्रीमती अर्चना मिश्रा, फार्मासिस्ट श्रीमती स्मिता बागड़े, आयुष विभाग के फार्मासिस्ट विनय निर्मलकर, लैब टेक्नीशियन आलिया खातून, एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, ड्रेसर समीर राते, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक यशवंत साहू, देवेंद्र राजपूत, श्रीमती उषा वर्मा, श्रीमती खिलांक साहू, मीरा साहू, हिमांशु सूर्यवंशी, नारायण साहू, भूवन निर्मलकर, गीतांजलि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



