भिलाई। 30 जुलाई, 2026, (सीजी संदेश) : कांती-दर्शन महाविद्यालय, कोसा नगर, भिलाई में दिनांक 30 जुलाई को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, देशभक्ति नृत्य एवं प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत कर कारगिल के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मणिशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक थे। विशिष्ट अतिथियों में डाॅ. आर.के. श्रीवास्तव, श्रीमती कुमुद श्रीवास्तव, डाॅ. प्राची तथा संचालक आशुतोष जायसवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं देशसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मणिशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में बताया कि कांती-दर्शन पब्लिक स्कूल एवं कांती-दर्शन महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शीघ्र ही साइबर क्राइम, यातायात नियमों का पालन, महिलाओं की सुरक्षा, गुड टच एवं बैड टच तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूकता सेमीनार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




