भिलाई। 12 मई, 2026, (सीजी संदेश) : बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के बीच शनिवार 09 मई को एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, आईटीआई सहित अन्य कोर्स करने वाले छात्र-छात्राओं को एंसिलरी उद्योग ट्रेनिंग देंगे। साथ ही अप्रेंटिसशिप की भी सुविधा दी जाएगी। चयनित छात्र छात्राओं को एंसिलरी उद्योग अपने यहां जाब भी देंगे।
एमओयू पर हस्ताक्षर एंसिलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता एवं विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र कुमार स्वर्णकार ने किया। श्री दास गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ टेक्निकल रूप से भी मजबूत हों इसके लिए उन्हें ट्रेनिंग की बहुत आवश्यकता होती है। ट्रेनिंग के माध्यम से ही वह अपना स्किल बढ़ाते हैं। उद्योगों में ट्रेनिंग मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके सामने रोजगार के अवसर भी खुलते हैं। भिलाई के एंसिलरी उद्योगों को भी ऐसे युवक युवतियों की जरूरत होती है।
श्री दास गुप्ता ने बताया कि जब भारतीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन द्वारा छात्राओं को ट्रेनिंग देने, अप्रेंटिस कराने और नौकरी देने की बात हुई तो एंसिलरी एसोसिएशन ने इसे सकारात्मक रूप से लिया। एंसिलरी एसोसिएशन और विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच विचार विमर्श के बाद इस समझौते पर सहमति बनी। जिसके तहत यहां के एंसिलरी उद्योग, विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं को अपने यहां ट्रेनिंग देंगे।
एंसिलरी एसोसिएशन और विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच हुए इस एमओयू से न केवल यहां के उद्योगपति खुश नजर आए बल्कि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भी इसे एक अच्छी पहल बताया। स्थानीय उद्योगों में ही काम मिल जाने से छात्र-छात्राओं को दूर दराज के प्रदेशों में भटकना नहीं पड़ेगा। वे यही काम करते हुए अपने स्किल को डेवलप कर सकेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से सीईओ प्रभजोत सिंह भोई एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. स्वाति पांडे उपस्थित थीं। एंसिलरी एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष शशि भूषण, कोषाध्यक्ष सुरेश चावड़ा, सचिव वरुण घोष एवं रवि मिश्रा, समन्वयक अवी सहगल और विशेष आमंत्रित सदस्य योगेश गुप्ता एवं डी राय चौधरी उपस्थित थे।



