भिलाई। 04 मई, 2026, (सीजी संदेश) : राम नगर वार्ड क्रमांक 26 स्थित मुक्ति धाम का प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शिवसेना पदाधिकारियों ने नगर पालिक निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वेटिंग हॉल की छत से प्लास्टर लगातार झड़ रहा है और अंदर का लोहे का सरिया भी स्पष्ट दिखाई देने लगा है। ऐसी स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है।
इसके अलावा भवन के छज्जे के दबाव से खिड़कियों की लोहे की ग्रिल टेढ़ी हो गई है और फर्श की टाइल्स भी कई स्थानों पर उखड़ चुकी हैं। जर्जर छत से गिरने वाला मलबा कभी भी किसी को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। यह स्थिति नगर निगम प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
शिवसेना नेताओं ने ज्ञापन में मांग की है कि मुक्ति धाम में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और वेटिंग हॉल की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता और रमेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।



