भिलाई। 17 फरवरी, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज अपने कक्ष में महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आवास योजना, राज्य प्रवर्तित योजनाओं, विधानसभा प्रश्नों के उत्तर, संपत्तिकर वसूली और शहर में जारी निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में माननीय उप मुख्यमंत्री महोदय की प्रस्तावित बैठक के मद्देनजर सभी आवश्यक जानकारियां तत्काल तैयार कर प्रस्तुत करें। शहर में अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह रोकने के लिए संबंधित खसरों को ‘बैन’ करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी, ताकि अवैध खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लग सके। बैन खसरो का अवलोकन आम नागरिक वेबसाइट पर कर सकते हैं । स्लम विस्थापन के तहत आई एच एस डी पी और बांबे आवास के हितग्राहियों को 75,000 रुपये की राशि जमा कराने के पश्चात प्रधानमंत्री आवास योजना का आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बकाया संपत्तिकर की वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 100 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शहर में चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों को अविलंब प्रारंभ करने और समय सीमा में पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि नागरिकों को सुविधाओं का लाभ मिल सके। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न केंद्र एवं राज्य प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन को भेजने पर सहमति बनी। सभी विभागीय कार्यों को समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण करें। विधानसभा सदस्यों द्वारा मांगी गई जानकारियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रेषित किया जाए। बैठक में प्रशासनिक और तकनीकी टीम के मुख्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, उपायुक्त नरेन्द्र कुमार बंजारे, डी. के. कोसरिया, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, भवन अधिकारी अजय गौर, उद्यान सह जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू, तकनीकी सहायक दिलीप कुर्वे एवं स्टेनो पुरुषोत्तम साहू शामिल थे।



