भिलाई। 11 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : जिला कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 19, राजीव नगर में एक महत्वपूर्ण आम बैठक का आयोजन किया गया। वार्ड अध्यक्ष कुंभ लाल साहू के संयोजन में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोसानगर सुपेला के अध्यक्ष नरसिंह नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य अतिथि मुकेश चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा, “आज आम जनता बढ़ते बिजली बिलों और थोपे जा रहे स्मार्ट मीटरों से त्रस्त है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, हमारा यह कर्तव्य है कि हम हर घर तक पहुँचें, जनता के इस दर्द को समझें और विरोध फॉर्म भरवाकर सरकार के खिलाफ उनकी आवाज को बुलंद करें। आगामी नगर निगम चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारा मजबूत बूथ प्रबंधन ही सबसे पहली सीढ़ी है।” इसी क्रम में ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंहनाथ ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा, “वार्ड क्रमांक 19 राजीव नगर के हमारे एक-एक कार्यकर्ता में अभूतपूर्व ऊर्जा है। हमें आपसी एकजुटता और कड़ी मेहनत के बल पर इस जन-विरोधी बिजली बिल नीति के खिलाफ घर-घर जाकर फॉर्म भरवाना है और आगामी निकाय चुनाव में यहाँ कांग्रेस का परचम लहराना है।”
बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के हक की लड़ाई लड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के आवश्यक सुझाव दिए।
इस आम बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नंद कुमार कश्यप, वार्ड के प्रथम पार्षद चवन राम साहू, मंडल अध्यक्ष बलदाऊ पिपरिया, युवा साथी, एकांश साहू, निकेश जंघेल, सहित वार्ड के कार्यकर्ता एवं बूथ प्रबंधन के अध्यक्ष व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस बैठक की संचालन प्रमोद तोरले एवं आभार प्रदर्शन वार्ड अध्यक्ष कुंभ लाल साहू ने किया।



