भिलाई। 07 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा राज्य शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से निगम मुख्य कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास योजना, स्वास्थ्य परीक्षण, पेंशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कृषि कल्याण सहित अन्य आवश्यक योजनाओं से संबंधित काउंटर लगाए गए। इन काउंटरों के माध्यम से नागरिकों को संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अपनी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाना, उन्हें योजनाओं की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभ प्राप्त करने के लिए उचित मार्गदर्शन देना है। शिविर स्थल पर पहुंच रहे नागरिक अपनी आवश्यकतानुसार संबंधित काउंटरों में जाकर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त किये। साथ ही, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं के लाभ से संबंधित जानकारी लेकर अपने आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाकर जानकारी प्राप्त करने की परेशानी से राहत मिला है। आवास योजना के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों को आवास संबंधी जानकारी, पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। वहीं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। शिविर में कुल मांग 35, शिकायत 17 प्राप्त हुए इस तरह कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए है।



