भिलाई। 05 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। सोमवार 5 अक्टूबर को मैत्री कुंज, रिसाली स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला प्रभारी लाल चंद्रवंशी, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर तथा रिसाली नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक मोहन मरकाम की मौजूदगी में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन हुआ।बैठक में सहपर्यवेक्षक कन्हैया अग्रवाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी निगम चुनाव को लेकर संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, वार्डवार राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करना तथा जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाना रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के साथ सीधा संवाद बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता के साथ निभाने पर जोर दिया। बघेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझें। चुनावी अभियान में स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देते हुए जनता के साथ निरंतर संवाद कायम किया जाना चाहिए। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों के बीच बेहतर तालमेल को चुनावी सफलता के लिए आवश्यक बताया।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी कार्यकर्ताओं को आगामी निगम चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन के प्रत्येक स्तर के बीच बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होगी। स्थानीय मुद्दों को समझकर जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप चुनावी रणनीति तैयार करने पर उन्होंने जोर दिया। साहू ने कहा कि वार्ड स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जनता के साथ निरंतर संपर्क में रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठनात्मक तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
रिसाली नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच केवल चुनाव के समय दिखाई देने वाली पार्टी नहीं है। पार्टी लगातार जनता के मुद्दों और समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि रिसाली में कांग्रेस का संगठन पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में वार्डवार बैठकें, कार्यकर्ता संपर्क तथा जनसंपर्क अभियान को और गति दी जाएगी। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पार्टी पूरी मजबूती, एकजुटता तथा संगठनात्मक अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए चुनावी रणनीति केवल वरिष्ठ नेताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वार्ड और बूथ स्तर के प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर जनता के बीच सक्रिय किया जाएगा। बैठक में रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के संगठनात्मक समीकरण, बूथ स्तर की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका, संभावित चुनावी चुनौतियों और आगामी जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने का संदेश दिया। बैठक के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर बैठकों और कार्यकर्ता संपर्क अभियान को तेज किया जाएगा। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू, मोहन मरकाम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर की मौजूदगी में हुई इस बैठक ने रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की सक्रियता का स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर उत्साह और सक्रियता देखने को मिली। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र साहू, राजेन्द्र साहू, सभापति केशव बंछोर, ब्लाक अध्यक्ष दिनेश पटेल, हेमंत बंजारे, प्रदेश सचिव इरफान खान, धर्मेंद्र यादव, अनूप दे , लाल चंद वर्मा, चवन राम साहू, चुम्मन देशमुख, सरिता पांडे, चंद्रकांत कोरे , सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



