भिलाई 16 अक्टूबर 2026 । छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय की पहल पर भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगभग 1 करोड़ 96 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव द्वारा प्रदान की गई इस स्वीकृति से क्षेत्र में सड़क निर्माण, गार्डन सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, मुक्तिधाम उन्नयन सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
स्वीकृत विकास कार्यों में वार्ड क्रमांक 38 सोनिया गांधी नगर में शिवालय के समीप गार्डन सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 20 लाख रुपये तथा वार्ड 46 दुर्गा मंदिर क्षेत्र के उड़िया बस्ती मिलावट पारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये शामिल हैं।
इसी प्रकार वार्ड 42 गौतम नगर के तेलुगु मोहल्ला में सीसी रोड निर्माण के लिए 9 लाख रुपये, प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 9 लाख रुपये, पंचशील नगर में सीसी रोड निर्माण के लिए 9 लाख रुपये तथा गली क्रमांक 5 में गार्डन सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वार्ड 48 जोन-03 खुर्सीपार में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये एवं बीएसपी पानी टंकी के पीछे फेंसिंग तथा सौंदर्यीकरण के लिए 6 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
इसके अतिरिक्त वार्ड 40 शहीद सुमन यादव नगर छावनी में मुक्तिधाम के उन्नयन एवं जीर्णोद्धार के लिए 30 लाख रुपये तथा श्रमिक नगर बस्ती में पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
वार्ड 56 सेक्टर-02 पश्चिम में डोम शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड 45 बालाजी नगर में अग्निकुल क्षत्रिय समाज स्नानागार एवं शौचालय के लिए 5 लाख रुपये, वार्ड 51 शहीद वीर नारायण सिंह नगर में विश्वकर्मा मंदिर के पास पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा वार्ड 58 सेक्टर-04 पश्चिम में सड़क क्रमांक 38 के समीप गार्डन सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भिलाई नगर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़कें, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। इन विकास कार्यों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और भिलाई के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
श्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। भिलाई नगर के नागरिकों की सुविधाओं एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।



