भिलाई। 27 अगस्त, 2026, (सीजी संदेश) : नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लेफ्ट फ्री की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को बिना किसी रुकावट के आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम और भीड़ को कम करना है।
प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, इसे ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा ऐसे स्थानों को चिन्हांकित किया गया है, जहां वाहनों के अधिक दबाव के कारण यातायात प्रभावित होता है। इन स्थानों पर लेफ्ट फ्री मार्ग तैयार कर वाहनों के आवागमन को आसान बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण योजना 15 वे वित्त अंतर्गत “नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम” के तहत यह कार्य किया जा रहा है। लेफ्ट फ्री व्यवस्था से चौराहों पर सीधे अथवा बाएं दिशा में जाने वाले वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से रुकना नहीं पड़ेगा। इससे चौराहों पर वाहनों की कतार कम होगी और यातायात का दबाव भी नियंत्रित किया जा सकेगा। निगम का प्रयास है कि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुगमता एवं सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
निगम आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था का लगातार जायजा लेकर आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा सड़क एवं चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।



