भिलाई। 24 अक्टूबर, 2026, (सीजी संदेश) : गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6, भिलाई द्वारा आगामी तीन दिवसीय बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह की भव्य तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक दिनांक 25 अक्टूबर, दिन रविवार को दोपहर 2:00 बजे से सतनाम भवन, सेक्टर-6, भिलाई में आहुत की गई है।
गुरु घासीदास सेवा समिति के अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती को सामाजिक समरसता और भव्यता के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष के आयोजन को और अधिक ऐतिहासिक व व्यवस्थित बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
रविवार को होने वाली इस बैठक का मुख्य उद्देश्य तीन दिवसीय जयंती समारोह की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करना, विभिन्न कार्यक्रमों का निर्धारण करना तथा आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का आवंटन करना है। बैठक में समाज के प्रबुद्ध जनों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और विचारकों से मार्गदर्शन एवं सुझाव लिए जाएंगे।
समिति द्वारा समाज के सभी प्रमुखों, ऊर्जावान युवा साथियों तथा मातृशक्ति से विनम्र आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर आने वाले गुरु घासीदास जयंती के संदर्भ में अपने विचार, मार्गदर्शन व सुझाव साझा करें, ताकि सर्वसम्मति से जिम्मेदारियों का निर्वहन कर कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।


