इंदौर। 19 सितम्बर, 2026, (सीजी संदेश) : कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम में शामिल होने और कार्यक्रम की तैयारियों के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान इंदौर पहुंचे। उनके साथ दुर्ग जिला कांग्रेस महामंत्री जसवंत गायकवाड, जिला कांग्रेस सचिव अभिषेक जांगड़े, इंटक दुर्ग जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, कांग्रेस नेता अनिल साहू और विशेष सिंह भी मौजूद रहे।।इस अवसर पर अय्यूब खान ने कहा कि इंदौर की धरती से राहुल गांधी के साथ लाखों छात्रों की आवाज पूरे मध्य प्रदेश में गूंजेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज बनकर छात्रों के भविष्य, रोजगार, शिक्षा और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर खुलकर बात कर रहे हैं, जिससे छात्रों में उत्साह है।
अय्यूब खान ने कहा कि ‘छात्रों की गूँज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की नफरत और बेरोजगारी की राजनीति के खिलाफ युवाओं की आवाज है। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह आवाज आने वाले समय में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बदलाव की दिशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों को डरने के बजाय सवाल पूछने और सच्चाई के साथ खड़े होने का संदेश दिया है। यह सोच आने वाले समय में देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत इंदौर पहुंचे छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।



