
देशभर में 2 सितंबर को गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार रात को मुंबई के प्रसिद्ध लाल बाग के राजा(लाल बाग च राजा) की पहली झलक भक्तों के सामने आई। हर बार की तरह इस बार भी लालबाग राजा के पंडाल को भव्य तरीके से सजाया गया है।
स्पेस में घूमते दिखे बप्पा
बता दें कि इस बार लाल बाग के राजा को स्पेस में बैठा हुआ दिखाया गया है। उनकी प्रतिमा के चारों तरफ ग्रह और एस्ट्रोनॉट घूमते दिखाई दे रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि इस बार पंडाल को ‘चंद्रयान-2’ थीम देने का प्रयास किया गया है। यह मुंबईकरों में धार्मिक महत्त्व के साथ ही देश की विकास यात्रा को प्रदर्शित करेगी।
2 सितंबर को होगी प्रतिमा की स्थापना
2 सितंबर को इस प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके बाद अगले 10 दिन तक उनकी पूजा-आरती की जाएगी। बता दें कि लाल बाग के राजा की प्रतिमा सबसे बड़ी और भव्य होती है। अनंत चतुर्दशी को लालबागचा राजा का महाजुलूस निकलेगा और उन्हें मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर विसर्जित किया जाएगा।
व्यापारियों ने की स्थापना
एक जमाने में मुंबई के लाल बाग के व्यापारियों का कारोबार घाटे में चलता था। व्यापारी चाहते थे कि लाल बाग के एक खुली जगह पर भी बाजार लगे। कहते हैं इसी इच्छा के साथ कुछ व्यापारियों ने लाल बाग के राजा के पंडाल की स्थापना की थी। लाल बाग के राजा की मूर्ति स्थापित हो जाने के बाद व्यापारियों की मनोकामना पूरी होने में वक्त नहीं लगा। इसके बाद से ही यहां लाल बाग के राजा की स्थापना हर साल होने लगी। लाल बाग के गणपति का उत्सव साल दर साल और भव्य होता जा रहा है।