-
ओडिशा और आसपास बने सिस्टम से प्रदेश भर में बारिश की चेतावनी
-
राजधानी में भी दिनभर आसमान में बादल रहेंगे, रुक-रुककर बारिश होगी

रायपुर. ओडिशा और आसपास बने तगड़े सिस्टम के कारण प्रदेशभर में सक्रिय मानसून से भारी बारिश हो रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक ही दिन में 6 इंच बारिश हो गई। मस्तूरी में भी 12 सेंटीमीटर पानी गिरा। अकलतरा में नौ और बालाेद में सात सेंटीमीटर पानी गिरा। अन्य कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को भी राज्य में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
तटीय ओडिशा में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अससपास ऊपरी हवा में एक चक्रवात है। एक द्रोणिका राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, मध्यप्रदेश के गुमा, उमरिया तथा छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड होते हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा व तटीय ओडिशा तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से बड़ी मात्रा में समुद्र से नमी वाली हवा आ रही है। गुरुवार को सुबह ज्यादातर जगहों पर हवा में नमी 90 फीसदी या उससे अधिक ही रही। रायपुर में भी सुबह नमी 90 फीसदी थी। शाम तक यह 81 फीसदी के आसपास बनी हुई थी।
दोपहर का तापमान भी 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सिस्टम का असर अगले 48 घंटों तक रहेगा। प्रदेश के एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। राजधानी में भी दिनबर आसमान में बादल रहेंगे। रुक-रुककर बारिश होगी।
बालोद में एक ही परिवार के चार बोलेरो सहित बहे, एक युवती का शव मिला
बालोद जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर डौंडीलोहारा-पाटेश्वर धाम मार्ग पर स्थित केरीजुंगेरा नाला में तेज बारिश के कारण बुधवार की शाम बाढ़ आ गई। इसी दौरान नाला पार करने के वक्त एक बोलेरो (तूफान वाहन) में सवार छह लोग बह गए। तीन किमी तक जिंदगी और मौत के बीच जूझते पूर्व सरपंच द्वारिका प्रसाद सलामे और ड्राइवर भुवन विश्वकर्मा पानी से बाहर आ गए।
लेकिन एक ही परिवार की दो सगी बहनें बेलमांड (बालोद) निवासी भावेश्वरी गांवरे (23), पुनारकसा निवासी दुलेश्वरी चुरेन्द्र (18), भावेश्वरी का तीन वर्ष का बेटा जागेश्वर और उनके मामा बड़भूम (50) मुकुंद भूआर्य बह गए। एएसपी डीआर पोर्ते ने बताया कि 12 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने गुरुवार सुबह दुलेश्वरी का शव निकाला, जो आधा किमी दूर झाड़ियों में फंसा था। वहीं तीन की तलाश जारी है।
बारिश के चलते मुंबई जाने वाली सभी फ्लाइट रद्द, एक-दो जाएंगी आज
मुंबई में लगातार हो रही बारिश की वजह से गुरुवार को रायपुर से वहां जाने वाली सारी फ्लाइट कैंसिल कर दी गईं। आई भी एक ही फ्लाइट, वह भी शाम को। रायपुर-मुंबई के बीच हवाई सेवा शुक्रवार से सामान्य होने की उम्मीद है। एक-दो फ्लाइट अाना-जाना कर सकती हैं। रायपुर के एक हजार से ज्यादा पैसेंजर फ्लाइट रद्द होने से मुंबई नहीं जा पाए।
एयरलाइंस ने दावा किया कि उड़ान कैंसिल होने का एसएमएस सभी पैसेंजरों को कर दिया गया था। मौसम के अनुसार ही आगे की उड़ान तय की जाएगी। जिन पैसेंजरों की उड़ान रद्द हुई, उन्हें उनका पैसा भी रिफंड कर दिया गया है। गौरतलब है, रायपुर से मुंबई के लिए तीन फ्लाइट हैं। गुरुवार को इंडिगो एयरलाइंस ने फ्लाइट 6ई-801 मुंबई-रायपुर-मुंबई, 6ई-466 हैदराबाद-रायपुर, 6ई-802 रायपुर-मुंबई, 6ई-2454 रायपुर-दिल्ली फ्लाइट को रद्द कर दिया।