
रतनपुर . रतनपुर के अंकुर जायसवाल ने नागपुर निवासी मित्र पुष्कर भागवत के साथ मिलकर ऐसा डिवाइस तैयार किया है। जो भारत के मेट्रोपोलिटन सिटी के साथ-साथ बड़े बड़े माल इंस्टिट्यूट एवं एयरपोर्ट के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। डिवाइस की खासियत है कि जब भी डस्टबिन में कचरा भरने की स्थिति आती है। तब यह डिवाइस ऑटोमेटिक मैसेज के जरिए अलर्ट करने के साथ-साथ एप पर मैसेज भेज देता है। बता दें कि दोनों दोस्तों ने इस आइडिया को 2017 में आईआईटी पटना के इन्कयूबेशन सेंटर को भेजा था। जिसे पटना आईआईटी ने हरी झंडी देते हुए इसे व्यावसायिक स्वरूप दिया था।
आईआईटी पटना के मेंटर्स के मार्ग दर्शन में तैयार यह डिवाइस फिलहाल भोपाल और इंदौर एयरपोर्ट पर काम कर रहा है। इस पर आगे वे कुछ और काम करेंगे। आईआईटी ग्वालियर में भी इस डिवाइस को इंस्टॉल किया गया है। वहीं जल्द ही यह पटना एयरपोर्ट पर भी लगेगा। अंकुर ने दैनिक भास्कर को बताया कि पटना आईआईटी ने ना सिर्फ उनके डिवाइस को स्वीकार किया बल्कि आर्थिक मदद के साथ-साथ उन्हें अनेक प्रकार से मार्ग दर्शन व सुझाव भी दिए। नगर के अधिवक्ता अवधेश जायसवाल व मंजू बेटे अंकुर ने सशिमं. रतनपुर से शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद ग्वालियर से एमटेक किया। इसके बाद मित्र पुष्कर के साथ मिलकर यह डिवाइस तैयार किया है। अंकुर की इस सफलता व उपलब्धि पर सशिमं. के अध्यक्ष अनूप पांडेय, कोषाध्यक्ष डाॅ. सुनील जायसवाल, उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, सुरेश सोनी, प्राचार्य मुकेश श्रीवास्तव, डाॅ. कृष्ण कुमार, डाॅ. अशोक जायसवाल एवं पूरे विद्यालय परिवार ने उत्साहवर्धन किया है।
इन डिवाइसेस की खासियत यह है कि आप इससे अपने वॉशरूम या डस्टबिन का लाइव स्टेटस भी चेक कर सकते हैं। उसके अनुसार उसका मेंटनेंस कर सकते है साथ ही अलर्ट सिग्नल को देखकर इस वाशरूम के बारे में लोग फीड बैक भी दे सकते हैं। इससे आर्गेनाइजेशन उसका मेंटेनेंस सही तरीके से कर सकेगा। अंकुर ने एम टेक ग्वालियर से व पुष्कर ने इंजीनियरिंग की डिग्री बैंगलुरु से ली है। इसके बाद दोनों ने एक ही कंपनी में नौकरी की। यहीं पर दोनों को कस्टमर की समस्याओं को देखते हुए इस डिवाइस को बनाने का आइडिया आया।
दोनों दोस्तों ने मिलकर स्मार्ट डस्टबिन के अलावा स्मार्ट वाशरूम एवं टीशू पेपर भी तैयार किया है। स्मार्ट वाशरूम की खासियत है कि जैसे ही वाशरूम अनहाइजनिक और गंदा होगा तुरंत अलर्ट मिलेगा। इससे आप उसे तुरंत साफ करा सकते हैं।