
रायपुर। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही भाजपा ने कमर कस ली है। महाराष्ट्र की प्रदेश भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने चुनाव की घोषणा के बाद दावा किया कि पार्टी सभी 288 सीट पर मजबूती से लड़ेगी। संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक तैयार किया गया है। मुंबई रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में सरोज पांडेय ने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्ष शून्य पर खड़ा है।
उनके पास न तो नीति है, न ही प्रदेश के विकास को कोई विजन। सिर्फ भाजपा सरकार की झूठी आलोचना के अलावा विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा ने पांच साल की सरकार चलाई है। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में जाएंगे।
सरोज ने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के काम को लेकर जनता के बीच जाएंगे। भाजपा की महा जनादेश यात्रा सफल रही है। प्रदेश के कोने-कोने से भाजपा के पक्ष में सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। महा जनादेश यात्रा में उमड़ी भीड़ से परिणाम साफ हो गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार पर निशाना साधते हुए सरोज ने कहा कि उनको अपना चश्मा बदलना होगा। पुलवामा की घटना के बाद उन्होंने केवल वोट के लिए मोदी सरकार पर आरोप लगाया।
जब पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है, तो पवार किस चश्मे से देख रहे हैं। अगर वो अपना चश्मा बदल लें तो उनको सच्चाई नजर आने लगेगी। शिवसेना गठबंधन पर सरोज ने कहा कि सकारात्मक दिशा में बात चल रही है। विचारधारा में सामंजस्य हो और मुख्यमंत्री भाजपा का ही रहेगा। सरोज पांडेय शनिवार सुबह मुंबई के लिए रवाना हुई।