
नई दिल्ली. राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरुआत की। जिसका मकसद लोगों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक बनाना है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी पीएम के इस अभियान के समर्थन किया और मुंबई स्थित एक वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ कुछ वक्त बिताया। इस दौरान वहां उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम भी खेला। सचिन ने अपने ट्विटर हैंडल पर वहां का एक वीडियो भी शेयर किया।
वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में सचिन ने लिखा, ‘सेंट एंटोनी ओल्ड एज होम में कुछ वक्त इन कमाल की महिलाओं के साथ बिताया। उन्होंने जो प्यार दिया, उससे खुद अभिभूत महसूस कर रहा हूं। कैरम खेलने को लेकर उनके उत्साह की कोई सीमा नहीं थी। जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, सबके लिए खेल और स्वास्थ्य।
एक अन्य ट्वीट में सचिन ने टेनिस और बैडमिंटन खेलते हुए अपना वीडियो शेयर किया और इसके साथ कैप्शन में लिखा, ‘दोस्तों के साथ बिताया दिन हमेशा मजेदार रहता है, खासकर तब जब इसमें कोई खेल का शामिल हो। आपको एक-दूसरे को चुनौती देते रहना चाहिए, और हमेशा स्वस्थ रहना चाहिए। विनोद कांबली, जगदीश और अतुल के साथ मिलकर अच्छा वक्त गुजारा। आप अपने दोस्तों के साथ कौन सा खेल खेल रहे हैं?
गुरुवार को हुई अभियान की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रव्यापी ‘स्वस्थ भारत अभियान’ (फिट इंडिया मूवमेंट) की शुरुआत की। समारोह से पहले केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्री किरण रिजिजू ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनके जन्मदिन पर श्रद्धांजलि दी। उनके जन्मदिन को ही राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। अभियान की शुरुआत करते हुए पीएम ने कहा कि आज ही के दिन हमें मेजर ध्यानचंद के रूप में हॉकी के जादूगर मिले थे। मैं उन्हें नमन करता हूं। फिट इंडिया मूवमेंट हेल्दी इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खेल मंत्रालय और युवा विभाग को बधाई देता हूं। जो प्रस्तुति दी गई, उसे देखकर लगता है कि मुझे फिटनेस के लिए भाषण देने की जरूरत ही नहीं है। बॉडी फिट है तो माइंड हिट है। फिटनेस के लिए इन्वेस्टमेंट तो जीरो है लेकिन इसमें रिटर्न 100% है।