
अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 69 साल के हो गए। इस मौके पर वे केवड़िया में सरदार सरोवर बांध पर मां नर्मदा की पूजा करेंगे। मोदी नमामि देवी नर्मदे महोत्सव में भी शामिल होंगे। इसके बाद स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जाकर सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वे दोपहर बाद अहमदाबाद में मां हीराबेन का आशीर्वाद लेने भी जा सकते हैं। पहले मां से मिलने का कार्यक्रम मंगलवार सुबह 6 बजे का था।
मोदी यहां दत्त मंदिर और पोषण पार्क भी जाएंगे। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इन सभी कार्यक्रम के बाद मोदी गांधीनगर जाएंगे।
मोदी के लिए बनाया 700 फीट लंबा केक
सरदार सरोवर बांध में नर्मदा नदी का जलस्तर अपनी क्षमता 138.68 मीटर के करीब पहुंच चुका है। सरदार सरोवर मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। बांध की नींव 1961 में पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी, लेकिन यह 56 साल बाद 2017 में बनकर तैयार हुआ। पिछले साल यह बांध कम बारिश के कारण आधा खाली रह गया था। उधर, सूरत की एक बेकरी मोदी के जन्मदिन के लिए 7000 किलो का 700 फीट लंबा केक बना रही है। इसे ‘केक अगेंस्ट करप्शन’ नाम दिया गया है।