
भिलाई-तीन । नगर निगम भिलाई चरोदा के वार्ड 18 पदुमनगर पॉश कालोनी डेंगू की चपेट में है। डेंगू की चर्चाएं चौक-चौराहों पर है। नागरिकों में भय व्याप्त हो गया है। बीते दिन पूजा अग्रवाल का पुत्र आदित्य अग्रवाल (10 वर्ष) डेंगू की चपेट में आने के कारण उसे समीप के अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसी तरह हीरालाल साहू की बेटी रेशी साहू रानी (20 वर्ष) को भी डेंगू होने की पुष्टि हो गई है। वह भी अस्पताल में कई दिनों से भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लगातार 40 वार्डों में फागिंग मशीन से धुआं छोड़ा जा रहा है। साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारु रुप से चल रही है। इसके बावजूद पदुम नगर जैसी कालोनी में डेंगू फैलना लोगों को समझ नहीं आ रहा है। इस संबंध में नगर निगम के आयुक्त कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है लेकिन सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान विशेष रुप से चलाया जा रहा है। गौरतलब हो कि दुर्ग जिले में दर्जन लोग डेंगू की चपेट में आकर अपनी जान से हाथ धो बैठे थे। लगातार सरकार के मंत्री सहित पूर्व की सरकार नजर बनाई हुई थी। इसके बावजूद डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा था। जिले के कोई ऐसे अस्पताल बाकी नहीं थे जहां पर डेंगू के मरीज भर्ती न हों। पूर्ववर्ती सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए कई जतन किए तथा मरीजों के ईलाज को भी फ्री कर दिया था। आज भी जिले के कई अस्पताल में डेंगू के मरीज भर्ती हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम भिलाई एक महीने पहले से डेंगू न फैले इसके लिए घर-घर दस्तक देकर कूलरों का पानी, गड्ढों में दवाई, सड़कों पर फागिंग, नालियों में कीटनाशक दवाई, तालाबों में मछली छोड़ रहे हैं। इसके अलावा घर में लगे कूलर को नहीं निकालने वालों कूलरों को छेद मारा जा रहा है ताकि डेंगू शहर में न फैले। रहवासी संजय शर्मा ने बताया कि मानसून की पहली बारिश का पानी उचित निकासी नहीं होने से, जगह – जगह पानी जमा हो गया है। कुछ घरों का गन्दा पानी खुलें में भी छोड़ा जा रहा है। आने वाले दिनों में हम लोग मलेरिया और डेंगू के प्रकोप के चपेट में आ सकते हैं। समय रहते निगम उचित पहल करें।