
दौसा जिले के बांदीकुई में सोमवार को एक मां ने अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद कर जान दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बांदीकुई के पास अरनिया फाटक पर एक महिला अपनी 10 साल की बेटी और 8 साल के बेटे के साथ रेलवे ट्रैक पर पहुंची। जैसे ही ट्रेन आई महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बांदीकुई पुलिस वहां पहुंची। मृतक महिला की शिनाख्त अरनिया गांव की झमूरी देवी गुर्जर के तौर पर हुई। उसका मायका बांदीकुई के पास उरवाड़ी में तथा ससुराल हरड्या में था। महिला ने ढाई माह पहले पति के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया गया था। वह पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी।
रविवार शाम को ससुराल के लिए हुई थी रवाना
जांच में यह बात भी सामने आई है कि झमूरी अपने दोनों बच्चों के साथ रविवार शाम को ससुराल जाने के लिए रवाना हुई थी। झमूरी के भाई ने तीनों को गाड़ी में बिठाया था। वह अपने ससुराल नहीं पहुंची और सोमवार सुबह तीनों के शव पटरियों के पास मिले। पुलिस के अनुसार बच्चे के मुंह में झाग था। इसके चलते पुलिस सभी पहलूओं से मामले की जांच कर रही है।