
बॉलीवुड सितारे फिल्मों के अलावा अपनी सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। इन सितारों के फैंस सोशल मीडिया पर इनकी पोस्ट और तस्वीरों को बेसब्री से इंतजार करते हैं। वहीं बहुत बार ऐसी खबरें भी आती हैं कि ये फिल्मी सितारे अपनी एक पोस्ट शेयर करने के लिए अच्छी खासी फीस भी लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स का तमगा पहनने वाले इन सितारों को कई फर्जी फॉलोअर्स भी हैं ? जी हां, दरअसल इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजिक परफॉर्मेंस (ICMP) ने हाल ही में एक रिसर्च की। अपनी रिसर्च में संस्थान ने पाया कि दुनियाभर की 10 बड़ी हस्तियों के कई सोशल मीडिया अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स फर्जी हैं। ICMP की इस 10 हस्तियों की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्रियों का नाम भी शामिल है।
ICMP की इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण,प्रियंका चोपड़ा, किम कार्दशियन, कैटी पेरी, एरियाना ग्रांडे और माइली साइरस जैसी कई बड़े नाम शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक इस समय दीपिका पादुकोण के इंस्टाग्राम पर करीब 37.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं, इनमें से दीपिका को फॉलो करने वाले 48 प्रतिशत फॉलोअर्स फर्जी हैं। इस लिस्ट में दीपिका का नाम छठे नंबर पर है। वहीं बात करें प्रियंका चोपड़ा की तो ICMP की इस लिस्ट में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा दसवें नंबर पर है। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 43.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसमें से प्रियंका को फॉलो करने वाले करीब 46 प्रतिशत सोशल मीडिया यूजर्स फर्जी हैं। अन्य सितारों की बात करें तो इस लिस्ट में पहले नंबर अमेरिकन कॉमेडियन एलेन डिजेनरेस का नाम है। सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो करने वाले करीब 58 प्रतिशत यूजर्स फर्जी हैं।