RO No. 12276/54

जगदलपुर. बस्तर के दरभा स्थित तीरथगढ़ वॉटर फॉल में गुरुवार देर शाम 7 पर्यटक फंस गए। वॉटर फॉल का मजा लेने के दौरान अचानक बाढ़ आ गई। इसके बाद करीब 4 घंटे तक यह पर्यटक जिंदगी और मौत के बीच झूलते रहे। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस को पता चला। इसके बार ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ और देर रात पर्यटकों को बचाया जा सका। इस घटना ने वहां पर सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।
पुलिस के जवान गांव से रस्सी लेकर आए और फिर पर्यटकों को बचाया
- जानकारी के मुताबिक, मौसम अच्छा होने के चलते गुरुवार शाम करीब 5 बजे को कई पर्यटक तीरथगढ़ वॉटर फॉल देखने के लिए पहुंचे थे। इनमें रायपुर और ओडिशा से गए 7 पर्यटक भी शामिल थे। सभी लोग पुल पर खड़े होकर नजारा ले रहे थे। इसी दौरान करीब 7.15 बजे अचानक से बाढ़ आई और जलस्तर बढ़ने से पुल डूबने लगा। पर्यटकों को वहां से निकलने का कोई रास्ता समझ नहीं आ रहा था।
- वहां फंसे पर्यटकों ने शोर भी मचाया, लेकिन आसपास कोई सुनने वाला नहीं था। इसके बाद किसी ने दरभा पुलिस स्टेशन में इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई संसाधन नहीं होने के कारण पर्यटकों को बचाने में असमर्थ थी। इसके बाद जवान गांव से रस्सी लेकर आए और पर्यटकों को रेस्क्यू करना शुरू किया गया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद सभी पर्यटक सकुशल बाहर थे।