
बस्तर क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार काे 24 घंटे में तीन अलग-अलग मुठभेड़ाें में छह नक्सली मारे गए। ये मुठभेड़ सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलाें में हुई। सुकमा के चिंतलनार थाने के ताड़मेटला-मुकराम नाला के जंगलाें में शनिवार शाम काे मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। यहां नक्सलियाें ने सड़क खाेद दी थी, जिसे साफ कराने सुरक्षा बलाें की टीम गई थी और तभी मुठभेड़ हुई।
इससे पहले बीजापुर के अवापल्ली में एक नक्सली मुठभेड़ में मारा गया था। वहीं दंतेवाड़ा जिले के जंगल में शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में दाे नक्सली मारे गए। इन दाेनाें नक्सलियाें की पहचान लच्छू मंडावी और पाेदिया के रूप में की गई। दाेनाें पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। नक्सलियाें के पास से इंसास राइफल के साथ ही गाेला-बारूद और अन्य हथियार बरामद किए गए। दंतेवाड़ा विस उपचुनाव काे देखते हुए सुरक्षा बलाें ने इलाके में अभियान छेड़ा है।
नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पहुंची थी टीम
दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि किरंदुल क्षेत्र में कुटेरम के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद थाने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। जंगलों में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। इसमें दो नक्सली मारे गए। नक्सलियों की शिनाख्त लच्छू मंडावी और पोदिया के रूप में हुई है। दोनों ही नक्सली संगठन मलांगीर एरिया कमेटी के सदस्य थे। उन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था।
बीजापुर के आवापल्ली थाना क्षेत्र के पुन्नूर की पहाड़ियों में तड़के डीआरजी जवानों और पुलिस बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। एक नक्सली को मार गिराया गया। जवानों ने नक्सली का शव और 315 बोर की बंदूक बरामद की है। हालांकि अभी तक मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो सकी है। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी दिव्यांग पटेल ने की है। जवानों के लौटने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।
दूसरी ओर, किरंदुल क्षेत्र में ही एस्सार के पास नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। ग्रामीण पर पुलिस का मुखबिर होने का संदेह था। शव के पास ही एक पर्चा भी मिला है। जिस पर ग्राम पुलूम पंचायत मिडयामपारा मिड्यम मंजाल लिखा है। साथ ही मुखबिरी करने वाले को मौत की सजा देने की बात कही गई है। ग्रामीण की पहचान पुलुम पंचायत निवासी मीडियम मंजाल के रूप में हुई है। किरंदुल एसडीओपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि शव के पास ही एक झोला भी मिला है। बम की आशंका होने के चलते बीडीएस टीम को बुलाया गया है।
दंतेवाड़ा में 23 सितंबर को विधानसभा के उपचुनाव का मतदान है। जिसे देखते हुए नक्सलियों की सरगर्मी फिर बढ़ गई है। पुलिस को भी लगातार इनपुट मिल रहे हैं। कुटरेम इलाके में नक्सलियों के जमावड़े की बड़ी सूचना मिल रही थी। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीण और जंगलों पर खास नजर रखी जा रही है। कुछ ही महीने पहले दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली धमाके में हत्या के बाद उपचुनाव होने हैं।