
टेनिस का चौथा बड़ा टूर्नामेंट में यूएस ओपन आज से अमेरिका के न्यूयॉर्क में आज से खेला जाएगा। पहली बार यह टूर्नामेंट 1881 में खेला गया था। तब मैन्स सिंगल्स और डबल्स के मुकाबले खेले गए थे। 1987 में पहली बार महिला सिंगल्स और 1889 डबल्स के मुकाबले शुरू हुए। इसके बाद 1892 में मिक्स्ड डबल्स की शुरुआत हुई। पहले इसे यूएस टेनिस टूर्नामेंट के नाम से जाना जाता था। इसके बाद 1968 में इसका नाम यूएस ओपन पड़ा। 139 साल के इतिहास में अब तक तीन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 10 खिताब जीते।
भारत की ओर से पहली बार महेश भूपति इस टूर्नामेंट को जीते थे। उन्होंने साल 1999 में मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में जापान की आई सुगियामा के साथ खिताब जीता। इसके बाद लिएंडर पेस 2006 में मैन्स डबल्स स्पर्धा में चेक गणराज्य के मार्टिन डैम के साथ खेलते हुए चैम्पियन बने थे। भारत के लिए तीसरी चैम्पियन सानिया मिर्जा थीं। उन्होंने 2014 में मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में ब्राजील के ब्रूनो सोआरेस के साथ फाइनल जीता था। भारत के लिए पिछली बार 2015 में पेस और सानिया खिताब जीते थे।
इस बार मुख्य दौर में भारत के 5 खिलाड़ी
इस बार भारत के चार खिलाड़ी सिंगल्स स्पर्धा में उतरे। इनमें से दो ही मुख्य दौर में पहुंच सके। प्रजनेश गुणेश्वरन को मुख्य दौर में सीधे जगह मिली। सुमित नागल ने क्वालिफाइंग मैच जीतकर अपना स्थान मुख्य दौर में पक्का किया। रामकुमार रामनाथन और अंकिता रैना क्वालिफाइंग राउंड में बाहर हो गईं। डबल्स में डबल्स में रोहन बोपन्ना, लिएंडर पेस और दिविज सरन अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस तरह मुख्य दौर में भारत के कुल 5 खिलाड़ी खेलेंगे।
सुमित का पहला मुकाबला रोजर फेडरर से
सुमित ने तीसरे क्वालिफायर मैच में ब्राजील के जोआओ मेनेजेस को 5-7, 6-4, 6-3 से हराया। मुख्य दौर में सुमित का मुकाबला वर्ल्ड नंबर 3 स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर से होगा। सुमित वर्ल्ड रैंकिंग में 190वें स्थान पर हैं। प्रजनेश गुणेश्वरन का पहला मुकाबला दुनिया के 5वें नंबर के खिलाड़ी रूस के दानील मेदवेदेव से होगा। प्रजनेश 89वें स्थान पर हैं।