
यमुनानगर। यमुनानगर के इंडस्ट्री एरिया में स्थित एल्यूमीनियम फैक्ट्री में एलपीजी सिलेंडर लीक हो जाने की वजह से आग लग गई। इसकी चपेट में 13 मजदूर आ गए। घटना सोमवार दोपहर की है। आग की वजह से मजदूर झुलस गए, इनमें से 8 की हालत गंभीर है, जिन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। फिलहाल आग को दमकल विभाग की टीम ने काबू पा लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यमुनानगर इंडस्ट्री एरिया में स्थित विमल एल्यूमीनियम फैक्ट्री में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एलपीजी के 400 किलो सिलेंडर में से गैस लीक हो गई। गैस लीक हो जाने की वजह से आग लग गई। इस दौरान यहां काम कर रहे 13 मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
आग लगते ही फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। मजदूर इधर-उधर भागने लगे। आनन-फानन में मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें से 8 की हालत गंभीर बनी हुई है, उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सिटी थाना प्रभारी कंवलजीत का कहना है कि घायलों के बयान के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।