
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मंगलवार सुबह एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसा लैंडिंग के दौरान हवाई पट्टी पर हुआ। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान विमान का पहिया तार में फंस गया था। हादसे में दो पायलट समेत सभी 6 यात्री सुरक्षित है। हवाई पट्टी पर ही विमान में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया है।
जानकारी के मुताबिक, निजी एविएशन कंपनी का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट को मरम्मत के लिए दिल्ली से अलीगढ़ ले जाया जा रहा था। विमान में दो पायलट के अलावा चार और कर्मचारी सवार थे। मेरठ की धनीपुर हवाई पट्टी पर लैंडिंग के वक्त विमान के पहिए बिजली के तार में उलझ गए।
इससे एयरक्राफ्ट का संतुलन बिगड़ गया। वह जमीन पर घसीटने लगा। विमान से धुआं उठने लगा। विमान में सवार सभी लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि हवाई पट्टी पर एक स्टैंडर्ड रनवे का निर्माण काम चल रहा है। इसके लिए बिजली के तार रनवे पर फैले हुए थे। विमान के पहिए उन्हीं तारों में फंस गए थे।